वीरभद्र सिंह बोले: पूरी तरह से स्वस्थ हूं, जल्द करेंगे प्रदेश का दौरा

कोरोना में लोगों का एहतियात बरतने की दी सलाह

उज्जवल हिमाचल। शिमला

पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह ने फिर से हुंकार भरी है। उन्होंने कहा वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं और जल्द ही प्रदेश का दौरा करेंगे। फेसुबक पेज पर लाइव होकर उन्होंने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा अभी कोरोना महामारी का खौफ खत्म नहीं हुआ है। जब तक बीमारी की दवाई नहीं आ जाती तब तक एहतियात बरतना जरूरी है।

वीरभद्र सिंह ने कहा भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देश इस महामारी से जूझ रहे हैं। ऐसे में लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है। उन्होंने शादी समारोह में ज्यादा लोगों को न बुला कर सादगी से विवाह करने और जुलूस न निकालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे कोरोना संक्रमण के फैलने का ज्यादा खतरा हो सकता है। ऐसे में लोगों को सजग रहने की जरूरत है और बिना मास्क घरों से बाहर न निकले। उन्होंने कहा कि वे बिल्कुल स्वस्थ हो गए हैं और जल्द ही लोगों से मिलने के लिए पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह लंबे समय से अस्वस्थ थे।

अब उनके स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ है। हाल ही में उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र अर्की का दौरा भी किया था। अब पूरे हिमाचल का दौरा करने का ऐलान कर दिया है। वीरभद्र सिंह छह बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का हिमाचल की राजनीति में अहम स्थान है।