तिरंगा यात्रा में नारे लगाने पर विधायक विक्रमादित्या सिंह सहित 9 पर FIR दर्ज

FIR registered on 9 including Vikramaditya Singh
विक्रमादित्या सिंह सहित 9 पर FIR दर्ज

उज्जवल हिमाचल। शिमला

विधानसभा से ऐतिहासिक रिज मैदान तक तिरंगा यात्रा निकालने पर शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह समेत 9 कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर दर्ज की गई है। एसपी शिमला मोनिका भुटुंगुरू ने इसकी पुष्टि की है।

गौर हो कि मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पन्नू की धमकी के विरोध में शिमला में तिरंगा यात्रा निकाली थी। इस दौरान रिज मैदान से पहले पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आपसी किसी बात को लेकर बहस भी हुई थी। जानकारी के अनुसार सदर पुलिस थाना शिमला के पुलिस कर्मी तिरंगा यात्रा के दौरान ड्यूटी पर मौजूद थे, तो एनएसयूआई व यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता करीब 11-30 बजे जब तिरंगा यात्रा के साथ सीटीओ पहुंचे तो उन्होंने बताया कि मालरोड पर नारे लगाने की इजाजत नहीं है, लेकिन वे सभी कार्यकर्ता रिज की ओर बढ़े और स्कैण्डल प्वाइंट तक चुप रहे, लेकिन उसके बाद सभी ने नारेबाजी की।

नारेबाजी करने के आरोप में पुलिस ने विधायक विक्रमादित्य सिंह के अलावा यदुपति ठाकुर, छतर सिंह ठाकुर, राहुल मेहरा, वीरेंद्र बंशु, अमित ठाकुर, राहुल चौहान, दिनेश चोपड़ा, दीपक खुराना के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसपी शिमला मोनिका भुटूंगरू का कहना है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मालरोड पर नारेबाजी करने के आरोप में 143, 188 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।