हिमाचल में चार जिलों में फ्लैश फ्लड को लेकर अलर्ट जारी

Flash flood alert issued in Himachal
हिमाचल में फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश में लगातार मौसम खराब बना हुआ है। प्रदेश में सोमवार दोपहर 12 बजे तक प्रदेश के 4 जिलों में फ्लैश फ्लड को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने शिमला, सिरमौर, कांगड़ा और चम्बा जिले के लिए अलर्ट जारी किया है। ऐसे में प्रशासन ने भारी बाढ़ की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है और नदी-नालों से दूर रहने की सलाह भी दी गई है। साथ ही प्रदेश सरकार ने लोगों से एहतियात बरतने की भी अपील की है।

वहीं मौसम विभाग ने 7 सितम्बर तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसको लेकर मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

धर्मशाला के खनियार में भारी बारिश से शुक्रवार को काफी नुकसान हुआ था। एक बार फिर से कांगड़ा में अलर्ट जारी किया गया है। इस बार कांगड़ा के मंड क्षेत्र को अलर्ट पर रखा गया है। साथ ही इंदौरा, डमटाल, फतेहपुर, जवाली और नूरपुर में भी चेतावनी जारी की गई है।

हिमाचल प्रदेश में मॉनसून सीजन में अब तक 306 लोगों की मौत हो चुकी है साथ ही 598 लोग घायल और 8 लोग अब भी लापता है। इस दौरान 771 मवेशियों की जान गई है। 34 पक्के और 136 कच्चे घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं और प्रदेश को करीब 1900 करोड़ का नुकसान हुआ है।