सरकारी भूमि से काटा था चीड़ का पेड़, निशानदेही से हुआ खुलासा  

एसके शर्मा। हमीरपुर

उपमंडल बड़सर के तहत आने वाली ग्राम पंचायत उसनाड़ कलां के घाटापंगा में सरकारी भूमि से सौ साल से अधिक पुराना (मदर ट्री) चीड़ का हरा पेड़ काटा गया था। राजस्व विभाग द्वारा भूमि की निशानदेही देने पर इसका खुलासा हुआ है। आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए जेसीबी से पेड़ को जड़ से उखाड़ दिया था, लेकिन समाचार पत्रों में खबर छपने पर आरोपियों के मंसूबे कामयाब नहीं हो सके। खबर छपने पर आरोपियों ने पत्रकार पर भी हमला कर घायल कर दिया था। इस मारपीट पर दोनों आरोपियों बाप -बेटे पर पुलिस में केस भी दर्ज हुआ है।

अब वन विभाग आरोपी के खिलाफ  सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। बताते चलें कि विगत माह 1 जून 2020 को ग्राम पंचायत  उसनाड़ कलां के घाटापंगा गांव के एक व्यक्ति ने सरकारी भूमि से चीड़ का बड़ा पेड़ काट लिया था। इतना ही नहीं आरोपियों ने जेसीबी से जड़ से उखाड़ कर निशान मिटाने का प्रयास भी किया था।  वन विभाग ने 2 जून, 2020 को मौके पर पहुंचकर लकड़ी को कब्जे में  ले लिया।

3 जून, 2020 को समाचार पत्रों में खबर  छपी थी। खबर प्रकाशित होने पर आरोपी मान सिंह व पुत्र नरेश कुमार ने  एक समाचार के पत्रकार  व उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया था। जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ  मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि आरोपी  द्वारा पेड़ काटने वाली जगह को अपनी मलकीयत बताकर मामले को उलझाने का प्रयास भी किया गया। लेकिन  26 जून, 2020 को राजस्व विभाग की निशानदेही में चीड़ का पेड़ सरकारी  भूमि में पाया गया, जो मलकीत भूमि पेड़ से काफी दूर है।

अब कानूनगो की रिपोर्ट  आने पर  आरोपी ने कबूल किया  है कि उसने सरकारी भूमि से पेड़ काटा है। अब इसके बाद राजस्व विभाग ने सारी रिपोर्ट तैयार कर वन विभाग बिझड़ी को सौंप दी है। वन विभाग चीड़ का मदर ट्री पेड़ काटने तथा उसे जड़ से उखाड़ कर निशान मिटाने पर आरोपी के खिलाफ  बड़ा जुर्माना तथा मुकदमा दर्ज कर सकता है। उधर तहसीलदार बड़सर ओपी शर्मा ने बताया कि जहां से पेड़ काटा गया है, वह प्रदेश सरकार की  भूमि है।

आरोपी ने लिखित कबूल किया है कि उसने सरकारीखसरा नंबर 232 प्रदेश सरकार की भूमि से जेसीबी के माध्यम से चीड़ का  हरा पेड़ काटा है। अत: वन विभाग बिझड़ी को सारी रिपोर्ट भेज दी गई है, अगली कार्रवाई वन विभाग करेगा। उधर आरओ बिझड़ी अंकुश ठाकुर ने बताया कि राजस्व विभाग बड़सर की रिपोर्ट उनके पास पहुंच चुकी है। शीघ्र ही कानूनी कार्रवाईअमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपी को जुर्माना व एफआईआर  दर्ज की जा सकती है।