वन मंत्री ने 288 पंजीकृत लाभार्थियों को वितरित किए इंडक्शन चूल्हे

विनय महाजन। नूरपुर

वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने शुक्रवार को राणा फॉर्म बौड़ में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार बोर्ड द्वारा आयोजित जागरूकता शिविर में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने असंगठित क्षेत्र के 288 पंजीकृत लाभार्थियों को इंडक्शन चूल्हे वितरित किए। कार्यक्रम में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार बोर्ड के अध्यक्ष राकेश शर्मा, एसडीएम अनिल भारद्वाज, जिला श्रम अधिकारी राज कुमार शर्मा, प्रदेश किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष चमन लाल डढवाल, प्रदेश आईटी व सोशल मीडिया सेल सयोंजक डॉ. विशाल नेहरिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

यही भी देखें : बिलासपुर पुलिस की गिरफ्त से भागा दुष्कर्म का आरोपी UP से गिरफ्तार…

वन मंत्री ने कहा है कि राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका अहम है तथा देश और प्रदेश के आर्थिक विकास में कामगारों का हमेशा विशेष योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि कामगारों तथा उनके परिजनों के हितों की संपूर्ण सुरक्षा तथा सामाजिक कल्याण सर्वोपरि हैं, जिसके लिए केंद्र तथा प्रदेश सरकार पूरी सेवा और समर्पण की भावना से कार्य कर रही है। राकेश पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड का गठन वर्ष, 2009 में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा उनके परिजनों के हितों की सुरक्षा तथा सामाजिक कल्याण सुनिश्चित बनाने के लिए किया गया था।

इन कानूनों के लागू होने से कामगारों तथा उनके परिवारों को लाभ मिलना सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से मजदूरों के कल्याण हेतु इस वर्ष 796 करोड़ रुपए व्यय किये जा रहे हैं। कांगड़ा जिला के 18149 श्रमिकों को 21 करोड़ 65 लाख के लाभ वितरित। उन्होंने बताया कि ज़िला कांगड़ा में हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से सराहनीय कार्य हुआ है। इसमें असंगठित क्षेत्र के 18149 श्रमिकों को अब तक 21 करोड़ 64 लाख 89 हजार 230 रुपए के विभिन्न लाभ उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। जिला में ई-श्रम पोर्टल के तहत अब तक 79156 गरीब अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।

10 जनवरी तक सबसे अधिक श्रम कार्ड बनवाने वाली पंचायत को विकास कार्यों के लिए मिलेगी 25 लाख रुपए की राशि वन मंत्री ने कहा कि नूरपुर विकास खंड के तहत गरीब परिवारों को श्रम कल्याण बोर्ड से पंजीकृत करवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने 10 जनवरी, 2022 तक सबसे अधिक श्रम कार्ड बनवाने वाली पंचायत को विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों, महिला, युवक मंडलों तथा सभी समाजसेवी संस्थाओं से इस पुनीत कार्य में जुड़ने का आह्वान किया, ताकि हर गरीब परिवार को कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ मिल सके। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को मूलभूत व कल्याकारी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के अतिरिक्त समाज के गरीब, वंचित, पिछड़े वर्गों के कल्याण व सामाजिक उत्थान के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने असंगठित क्षेत्र के सभी कामगारों से अपना-अपना पंजीकरण शीघ्र करवाने की अपील की। इससे पहले, ज़िला श्रम अधिकारी, आरके शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं बारे जानकारी दी। इस मौके पर विभाग द्वारा ई-श्रम पोर्टल पर श्रमिकों का पंजीकरण भी किया गया।

डीएसपी सुरेंद्र शर्मा, बीडीओ श्याम सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष अशोक शर्मा, श्रम निरीक्षक नरेश चौधरी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जेएस राणा, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता पीसी चंदेल, भाजयुमो प्रदेश सचिव भवानी पठानिया, भाजपा मंडलाध्यक्ष कुलदीप पाठक, महामंत्री जोगिंद्र सिंह, एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमित शर्मा, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र चौधरी, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष केवल सिंह, श्रम विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी और लाभार्थी उपस्थित रहे।