भाजपा के पूर्व पार्षद संजीव कुठियाला ने थामा कांग्रेस का दामन, 50 समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश में चुनावी वर्ष में कांग्रेस ने भाजपा में सेंधमारी शुरू कर दी है। दो दिन पहले जहां भाजपा के पूर्व अध्यक्ष खिमी राम कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। वहीं, अब शिमला नगर निगम के भाजपा के पूर्व पार्षद संजीव कुठियाला ने भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया है।

कुठियाला शुक्रवार को अपने 50 समर्थकों के साथ होली लॉज में कांग्रेस में शामिल हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने उन्हें पार्टी का पटका पहना कर पार्टी में शामिल किया। इस दौरान कांग्रेस महासचिव और विधायक विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे।

इस मौके पर प्रतिभा सिंह ने संजीव कुठियाला का पार्टी में स्वागत किया और उन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान देने की बात कही। साथ ही उन्होंने भाजपा के कई नेताओं के संपर्क में होने की बात भी कही। प्रतिभा सिंह ने कहा कि जिस तरह भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और नेता अपनी पार्टी को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, तो भविष्य में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा पूर्व में कांग्रेस ने जो काम किया है और विकास किया है।

यह बात जनता जानती है और उससे प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के काफी लोग हमारे संपर्क में हैं वह भी जल्द पार्टी में शामिल होंगे। वहीं, कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है और जब पार्टी में शामिल होंगे तभी पता लगेगा कौन भाजपा में शमिल हो रहा है।

हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने मुख्य सचिव के बदले जाने पर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अपने अफसरों पर पकड़ नहीं है और वे उनके आदेश नहीं मानते। यही वजह है कि उन्हें बार-बार अधिकारियों के तबादले करने पड़ रहे हैं।

कांग्रेस में शामिल हुए संजीव कुठियाला ने कहा कि वह पिछले 30 सालों से भाजपा में रहे, लेकिन पार्टी में उनकी अनदेखी की जा रही थी। इसके चलते उन्होंने भाजपा छोड़ने का फैसला लिया और आज वे 50 समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।