जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा ने निकाली तिरंगा रैली

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा ने बाजार में तिरंगा रैली निकालकर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया । एसडीम कांगड़ा नवीन तंवर ने स्कूल परिसर में रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने छात्रों को संबोधित कर आजादी के संघर्ष और तिरंगा के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे आजादी के संघर्ष में मर मिटने वाले क्रांतिकारियों को हमेशा याद रखें। इससे पहले प्रधानाचार्य सुनील कांत चड्ढा ने बताया कि स्कूल में आजादी का अमृत महोत्सव 2 अगस्त से मनाया जा रहा है और प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि हिंदी व अंग्रेजी में आत्मनिर्भर भारत, स्वतंत्र भारत पर निबंध लेखन के अतिरिक्त पेंटिंग प्रतियोगिता, देशभक्ति गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 13 अगस्त को हर घर तिरंगा फहराने के लिए आज रैली निकालकर लोगों को प्रेरित किया गया। प्रधानाचार्य ने बताया कि सभी शिक्षक व छात्र शनिवार को अपने घर तिरंगा लहराकर अमृत महोत्सव मनाएंगे। स्कूल में शनिवार की छुट्टी रद्द कर कई कार्यक्रम रखे गए हैं, ताकि छात्रों में देशभक्ति के संस्कार भरे जाएं।