गूगल यहां पर बंद कर सकता है अपनी सेवाएं

उज्जवल हिमाचल डेस्क…

गूगल एक ऐसा सर्च इंजन हैं जहां एक दिन में पांच बिलियन से अधिक प्रश्न पूछे जाते हैं। ऐसे में अगर इस सर्विस को बंद कर दिया जाए तो लोगों के लिए जीवन कितना मुश्किल हो सकता है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जाता है कि आज हम छोटी-छोटी चीज के बारे में जानने के लिए भी सीधे गूगल सर्च पर जाते हैं। अच्छी बात यह है कि हमें अधिकतर सवालों के जवाब मिल भी जाते हैं। इतना ही नहीं उस सवाल से जुड़ी कई अन्य जानकारियां भी मिलती हैं। लेकिन ऑस्ट्रेलियाई यूजर्स के लिए एक चिंता का विषय है कि गूगल नए कानून के चलते जल्द ही अपनी सर्विस को वहां बंद करने की तैयारी कर रही है।


ऑस्ट्रेलिया एक ऐसा कानून लेकर आ रही है जिसके तहत गूगल और फेसबुक को ऑस्ट्रेलियाई पब्लिशर्स के न्यूज कंटेंट को पब्लिश करने पर उन्हें पेमेंट करना होगा। जिसके बाद गूगल ने ऑस्ट्रेलिया की सरकार को यह कानून वापस लेने के लिए कहा है। साथ ही यह भी कहा है कि अगर उन्हें पब्लिशर्स को पैसे देने के लिए मजबूर किया गया तो वह ऑस्ट्रेलिया में अपना सर्च इंजन बंद कर देगी। जिसके बाद यूजर्स को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि ऑस्ट्रेलिया में 95 प्रतिशत इंटरनेट सर्च गूगल पर ही किए जाते हैं।

ऑस्ट्रेलिया में बन रहे नए कानून को लेकर केवल गूगल ही नहीं बल्कि फेसबुक भी निशाने पर है। फेसबुक ने भी इस कानून के खिलाफ आपत्ति जताई है और कहा है कि अगर यह कानून लाया गया तो वह ऑस्ट्रेलिया के न्यूज पोस्ट करने पर रोक लगा सकती है। वहीं गूगल ने भी धमकी दी है कि कानून आने पर वह अपना सर्च इंजन बंद कर सकता है।