सरकार कृषि-बागवानी क्षेत्र के विकास को प्रतिबद्ध : महेंद्र सिंह ठाकुर

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। मंडी

जलशक्ति, बागवानी, राजस्व एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार कृषि-बागवानी क्षेत्र के विकास तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बहुत सी नई योजनाएं आरंभ की गई हैं, ताकि लोगों के लिए किसानी-बागवानी का काम मुनाफे का सौदा बने और लोग इसे स्वरोजगार के तौर पर अपनाएं। इसके लिए सिंचाई सुविधाओं की मजबूती पर विशेष बल दिया गया है। महेंद्र सिंह ठाकुर नाचन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के उपरांत कुटाहची, मशोगल और झुंगी में आयोजित जनसभाओं में बोल रहे थे।लोकार्पण और शिलान्यास
जलशक्ति मंत्री ने नाचन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुटाहची में आयुर्वेदिक औषधालय का लोकार्पण किया। 19.82 लाख रुपये की लागत से बने इस आयुर्वेदिक औषधालय से क्षेत्र के लोगों को घरद्वार के समीप बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके उपरांत उन्होंने मशोगल में उप स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया। इसके अलावा मशोगल में 5 लाख रुपए से बनने वाले पंचायतघर के अतिरिक्त भवन और विश्व बैंक पोषित उद्यान विकास परियोजना के तहत 69 लाख रुपए की सिंचाई योजना मशोगल का शिलान्यास भी किया। इस दौरान नाचन के विधायक विनोद कुमार उनके साथ उपस्थित रहे।

बागवानी गतिविधियों को दें नया आयाम
महेंद्र सिंह ठाकुर उन्होंने कहा कि नाचन क्षेत्र के मेहनती लोग कृषि-बागवानी में अच्छा काम कर रहे हैं। जरूरी है अब इन गतिविधियों को नया आयाम दिया जाए। उन्होंने लोगों से बागवानी विभाग द्वारा उपलब्ध करवाए जा रहे नई विदेशी किस्म के सेब के पौधे लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अमेरिकन किस्म के इस सेब के बाजार में अच्छे दाम मिलते हैं। इसकी खेती से बागवानों को बहुत लाभ होगा। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे शुरूआत में थोड़ी संख्या में पौधे लगाएं और फिर उनसे कलम तैयार कर अपना बगीचा तैयार करें।

उन्होंने बताया कि जाछ-झुंगी क्षेत्र में पेयजल योजनाओं के लिए 4 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।बागवानी कलस्टर के तहत ग्राम पंचायत मशोगल के भुण्डल के लिए 2 करोड़ और ग्राम पंचायत जाछ के कांडा मलयाण के लिए 2.20 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बागवानी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नाचन क्षेत्र में बागवानी विकास परियोजना के तहत कलस्टर बनाने की दिशा में काम करें।

उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र चल रही विभिन्न सड़क, पेयजल व सिंचाई परियोजनाओं के काम को गति देने और तय समय के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला मंडल कुटाहची को 25 हजार, महिला मंडल मशोगल को 10 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को राजकीय उच्च विद्यालय गोलाहन के खेल मैदान के लिए प्राकल्लन तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री ने लोगों की समस्याओं को भी सुना और अधिकतर का मौके पर निपटारा किया।

नाचन का सर्वांगीण विकास और लोगों की सेवा ही मेरा लक्ष्य : विनोद कुमार
इस अवसर पर विधायक विनोद कुमार ने कहा कि नाचन विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और लोगों की सेवा ही उनका एकमात्र लक्ष्य है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मार्गदर्शन में वे दिन रात क्षेत्र के विकास में जुटे हैं। सड़कों के सुधार और विस्तार पर करोड़ों रुपए खर्चे जा रहे हैं। नई पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं के काम तेज गति से चल रहे हैं। उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास के लिए जलशक्ति मंत्री का आभार जताया।
विनोद कुमार ने बताया कि गदोग नाला से बरनोग सडत्र पर 2.97 करोड़ रुपए खर्चे जा रहे हैं। वहीं, मातल से कुटाहची सड़क का काम 1.22 करोड़ रुपए की लागत से पूरा किया गया है।

1.89 करोड़ रुपए से निहानडिंगली से झुंगी सड़क का काम जोरों पर है। जल्द ही जाछ से मशोगल सड़क का काम शुरू हो जाएगा। इस पर 1.12 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मुकेश चंदेल, मंडल अध्यक्ष सोहन लाल, भाजपा महामंत्री नरेंद्र भंडारी एवं किशोरी लाल, गोहर पंचायत समिति की अध्यक्ष कल्पना ठाकुर, जिला परिषद सदस्य, ग्राम पंचायत कुटाहची की प्रधान सुषमा ठाकुर, ग्राम पंचायत मशोगल की प्रधान मूर्तु देवी, ग्राम पंचायत झुंगी की प्रधान रक्षा देवी, एसडीएम करसोग सुरेंद्र ठाकुर, सीएमओ डॉ. देवेंद्र शर्मा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ गोविंद राम शर्मा, बीडीओ गोहर निशांत शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।