टॉर्च के सहारे फसल की रखवाली

नरेश धीमान। योल

छावनी क्षेत्र योल कैंट के साथ लगते क्षेत्रों में बेसहारा पशुओं ने आम किसान वर्ग का जीना हराम कर दिया है। किसानों की धान की फसलें इन दिनों पूरे यौवन पर है, लेकिन किसान लोग दिन-रात इन बेसहारा पशुओं से तंग आ चुके हैं। ये पशु रात के समय खेती को चट कर रहे हैं, जिस के लिए लोगों को रात के समय खेतों में टॉर्च के सहारे कसरत करनी पड़ रही है। क्योंकि पिछले कई दिनों से ये पशु देर रात को खेतों में घुस जाते हैं और फसल को तबाह कर रहे हैं।

नरवाना के किसान मनोहर लाल, भीम सैन, पंकज, रविंद्र, नीरज व राजेश ने बताया कि खेतों के रास्ते बंद कर दिए हैं। हमें रात भर कड़ा पहरा करना पड़ रहा है। बावजूद इसके भी यह बेसहारा बड़े-बड़े सांड तोड़-फोड़ तो करते ही है। ऊपर से मारने को भी दौड़ पड़ते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द किसान वर्ग की इस समस्या का समाधान किया जाए।