हिमाचलः पेड़ से टकराई कार 20 वर्षीय युवक की गई जान

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

मटौर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित वीरता के पास एक सड़क दुर्घटना में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि मृतक को गड़ी से निकालने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कालेज भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार धर्मशाला से कांगड़ा आ रही कार वीरता के पास सीधे पेड़ से जा टकराई। बताया जा रहा है पेड़ से टक्कर इतनी जोरदार हुई कि मौके पर ही कार चालक की मृत्यु हो गई।

कांगड़ा ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा भिजवाया। मृतक की पहचान 20 वर्षीय शान शर्मा कांगड़ा निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कार की स्‍पीड अधिक होने के कारण यह हादसा हुआ है। कार चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सीधे पेड़ के साथ टक्‍कर हो गई। कार में सिर्फ चालक ही सवार था। इसके अलावा अन्‍य कोई सवारी नहीं थी।