बंगाल हिंसा पर गुस्सा : हिमाचल भाजपा ने राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन

भाजपा मडल इंदौरा ने एसडीएम इंदौरा सोमिल को सौंपा ज्ञापन

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। इंदौरा

पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर आक्रमण और हत्या के विरोध में भाजपा मडल इंदौरा ने एसडीएम इन्दौरा सोमिल गौतम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। वहीं भाजपा ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर की जा रही हिंसा के विरोध में मुर्दावाद के नारे लगाते हुए धरना प्रदर्शन भी किया। इस दौरान मंडल भाजपा अध्यक्ष बलवान सिंह ने कहा कि हाल ही में पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम के उपरांत तृणमूल कांग्रेस के उपद्रवी कार्यकर्ताओं के द्वारा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर आक्रमण और चुनावों के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में जारी हिंसा में भाजपा के हजारों कार्यकर्ता घायल हुए हैं और पार्टी कार्यालय में तोडफ़ोड़ व आगजनी की घटना का भाजपा मंडल इन्दौरा तृणमूल कांग्रेस पार्टी की कड़े शब्दों में निंदा करता है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र का काला अध्याय है जो तृणमूल कांग्रेस के द्वारा लिखा जा रहा है। और यह घटना लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली है। साथ ही उन्होंने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमला और विपक्ष की पार्टियों द्वारा धारण किए गए मोन का भी भाजपा पार्टी विरोध करती हैं। और विपक्ष के नेताओं को इस पर अपना स्टैंड स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा मंडल मंडी राष्ट्रपति से मांग करते हैं कि तृणमूल कांग्रेस के उपद्रवी कार्यकर्ताओं द्वारा जो लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास किया गया है उन सभी उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।

भाजपा मंडल सुंदरनगर का आरोप, हिंसा के पीछे टीएमसी का हाथ

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर

बुधवार को भाजपा मंडल सुंदरनगर ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के पश्चात हो रही हिंसा को लेकर तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति को एक ज्ञापन प्रेषित किया। भाजपा ने हिंसा पीडि़त कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आरोप लगाया है कि हिंसा के पीछे सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस का हाथ है। इस मौके पर भाजपा ने पश्चिम बंगाल सरकार की कड़े शब्दों में निंदा की और भाजपा कार्यकर्ताओं की हो रही निर्मम हत्या पर दुख प्रकट किया। मंडलाध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने कहा कि चुुनाव नतीजों के बाद नतीजों के साथ ही बंगाल में टीएमसी के गुंडों ने बीजेपी कार्यकर्ताओं और दफ्तर पर हमला किया जा रहा है। जो पूर्ण रूप से कायराना हरकत है। उन्होंने कहा कि इससे साफ प्रतीत होता है कि पश्चिम बंगाल में कानून नाम की कोई चीज शेष नहीं बची है। ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में हार और जीत चलती रहती है और इस प्रकार से हिंसा करने से पश्चिम बंगाल में लगातार लोकतंत्र की हत्या हो रही है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन प्रेषित कर भाजपा मंडल सुंदरनगर के द्वारा देश के राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। इस अवसर पर भाजपा सुंदरनगर मंडल महामंत्री तथा नगर परिषद अध्यक्ष जितेन्द्र शर्मा, मंडल महामंत्री डा. हेम प्रकाश शर्मा, जिला महामंत्री ओम प्रकाश नायक सहित अन्य मौजूद रहे।