भाजपा पार्षद ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

कहा- जांच हो तो होगा खुलासा 

सुरेंद्र सिंह सोनी। नालागढ़
नगर परिषद नालागढ़ में विकास कार्यों के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़ उठाई है। भाजपा समर्थित पार्षद वार्ड-4 संजीव भारद्वाज ने नगर परिषद नालागढ़ के अधिकारी व स्टाफ़ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए है।
पार्षद ने भाजपा हाईकमान के नेताओं समेत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप को पत्र लिखते हुए चेताया कि अगर ऐसा ही होता रहा तो वह अपने पद से इस्तीफ़ा देने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से वार्डों में काम करवाने के प्रोजेक्टों के नाम पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है उससे शहर के लोगों के सामने ग़लत छवि पेश हो रही है। उन्होंने अधिकारियों व स्टाफ़ पर जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग उठाई।
बता दें कि पार्षद से पहले नगर परिषद की अध्यक्षा रीना शर्मा भी कार्यप्रणाली से नाराज़ होकर जिला आयुक्त को पत्र लिख चुकी है। जिसके बाद अब पार्षद द्वारा इस्तीफ़ा देने का हवाला देना कई सवाल खड़े कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि उच्च अधिकारी भी नगर परिषद नालागढ़ में चल रहे कार्यों की जांच करवाने में भी लापरवाही बरत रहे है। पार्षद का साफ़ कहना है कि अगर विजिलेंस जांच की जाए तो कई खुलासे उजागर होगें।