हिमाचल के 68 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ेगी जनक्रांति पार्टी – महेश सैनी

मनीष ठाकुर। कुल्लू

हिमाचल प्रदेश को अपने प्रदेश की सरकार की आवश्यकता है, जो स्थानीय मुद्दों को भली भांति जानती हो। आज तक जो भी सरकारें चली वो दिल्ली से चलती है। तभी वह कभी भी हमारे दुःख दर्द को नहीं जान सकती।

यह बात यहॉं पर हिमाचल जनक्रांति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश सैनी ने कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल जनक्रांति पार्टी प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी उतार कर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि 50 फीसदी युवाओं को टिकट दिया जाएगा और खास बात यह है कि टिकट आम युवा को मिलेगा, अन्य पार्टियों की तरह चर्चित चेहरे नहीं होंगें।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में स्वास्थ्य की हालत खराब है। आयुष्मान व हिमकेयर कार्ड शो पीस बनकर रह गए हैं और मरीजों को इलाज के लिए हजारों रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि हिमाचल में हिमाचल की अपनी स्थानीय पार्टी जनक्रांति सत्ता में आती है, तो स्वास्थ्य सुविधाएं सुधारी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का व्यापार सरेआम हो रहा है और सरकार कमीशन खा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हर वर्ष दो लाख युवाओं को रोजगार देगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में पर्यटन कारोबार यहां की आर्थिकी की रीढ़ की हड्डी बन सकती है लेकिन अभी तक कई अनछुए पर्यटन स्थलों तक को विकसित नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि कृषि व बागबानी क्षेत्रों में उनकी सरकार अभूतपूर्व कार्य करेगी। इस दौरान उनके साथ जिला कुल्लू के अध्यक्ष चेतराम, विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष चंदन, महिला विंग अध्यक्ष नीलम कुमारी, बंजार विस अध्यक्ष मंगतराम भी उपस्थित रहे।