भाजपा ने हमेशा से की हिमाचल के हितों की रक्षा: नड्डा

उज्जवल हिमाचल। नगरोटा बगवां

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांगड़ा के नगरोटा बगवां में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति की संस्कृति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बदलाव आया है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और नेता जातिवाद, संप्रदायवाद, इलाकावाद, भाई-भतीजावाद की बात करते हैं। लेकिन पीएम मोदी ने जातिवाद, संप्रदायवाद व भाई भतीजावाद को छोड़कर देश को आगे बढ़ाया है। राष्ट्रवाद को आगे बढ़ाया है। इसलिए आपने हमारे नेताओं को देखा होगा कि वो बात करेंगे तो केवल विकास की बात करेंगे। ये प्रो एक्टिव, प्रो रिस्पॉन्सिबल सरकार है। भारत में वोट देने का ट्रेंड बदल गया है। भाजपा और कांग्रेस में बहुत अंतर है।

विपक्ष के नेता इसे समझ लें तो उनके लिए अच्छा रहेगा। यूपी में 37 साल बाद सरकार रिपीट हुई है। यूपी में कांग्रेस की 387 सीटों पर जमानत जब्त हुई। 377 सीटों पर आम आदमी पार्टी की जमानत जब्त हुई। जेपी नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में सरकार हमारी है, और अब आपके आशीर्वाद से हिमाचल की बारी है।

नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा हिमाचल का हक छीना है और भाजपा ने हमेशा हिमाचल के हक की रक्षा की है और हमेशा हिमाचल को दिया है। 1987 में राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे। तब नौवां वित्त आयोग हिमाचल आया। उन्होंने हिमाचल का स्पेशल कैटेगिरी स्टेट का दर्जा वापस लिया। मोदी 2014 में आए हिमाचल को स्पेशल कैटेगिरी स्टेट का दर्जा वापस दिया ।

पीएम मोदी ने 130 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाकर स्वास्थ्य कवच दिया। आज सभी इस जनसभा में बिना मास्क के बैठे हैं तो यह सब वैक्सीन की वजह से संभव हुआ है। मालदीव, भूटान, श्रीलंका, मलेशिया, अफगानिस्तान को भी वैक्सीन दी। वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगाने में हिमाचल देशभर में पहले स्थान पर रहा। जेपी नड्डा ने कहा कि हिमाचल के डॉक्टरों, हेल्थ वर्करों को सलाम और बधाई। यूक्रेन से 436 बच्चे हिमाचल सकुशल लाए गए

उन्होंने कहा कि  मोदी सरकार व जयराम ठाकुर की सरकार जवाबदेह सरकार है। ये समस्याओं को समझकर उनका समाधान करने वाली सरकार है। जयराम ठाकुर कह रहे थे कि मोदी ने वैक्सीन दी है। सुरक्षा कवच, स्वास्थ्‍य कवच दिया है। जिस कारण आज सभी इतना नजदीक बैठ पा रहे हैं। मोदी ने करोड़ों की जनता को सुरक्षा कवच देकर आगे बढ़ने के लिए अग्रसर किया है।

वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है हिमाचल छोटा प्रदेश लेकिन काम में छोटा नहीं। हिमाचल के लोग गौरांवित हैं कि आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल से हैं। भाजपा सरकार का चार साल का कार्यकाल बेहद चुनौतीपूर्ण व संकट के दौर गुजरा। आज पूरा देश कोविड के दौर से पीएम नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बाहर निकल रहा है।

विपक्ष के नेताओं ने कोविड वैक्सीन पर सवाल उठाए और कहा कि यह मोदी वैक्सीन है, भाजपा वैक्सीन है। इसकी टेस्टिंग पूरी नहीं हुई है। आज सच सबके सामने है। पूरे देश को वैक्सीन लगाई। सवा चार का कार्यकाल बीत गया, लेकिन काम करने के लिए दो साल मिले। कांग्रेस के मित्र कहते थे कि भाजपा रिपीट नहीं करगी। लेकिन अब रिवाज बदल गया। उत्तराखंड में भाजपा की सरकार रिपीट हुई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में भी भाजपा सरकार रिपीट करेगी।

इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद सुरेश कश्यप, राज्य सभा सांसद इंदु गोस्वामी और संगठन महामंत्री पवन राणा भी मौजूद रहे।