कांगड़ा में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन ने किया मांगो को लेकर धरना प्रदर्शन

अंकित वालिया। कांगड़ा

बिजली कर्मचारियों व अभियंताओं की राष्ट्रीय समन्वय समिति के आह्वान व हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन की प्रदेश कार्यकारिणी के दिशा निर्देशों के अनुसार हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन, यूनिट कांगड़ा ने आज दोपहर एक बजे से दो बजे तक परिचालन वृत कांगड़ा के प्रांगन में प्रस्तावित बिजली संशोधन कानून-2022 के विरोध में धरना प्रदर्शन किया।

केंद्र सरकार द्वारा बिजली कम्पनियों के निजीकरण के लिए इलेक्ट्रिसिटी एमेंडमेंट बिल-2022 को संसद के चालू सत्र में पारित होने के लिए लाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस कानून में विद्युत वितरण के लिए मौजूदा लाइसेंस प्रणाली को समाप्त करने का प्रावधान रखा गया है। विद्युत वितरण क्षेत्र के लिए लाइसेंस समाप्त करने का अर्थ होगा की निजीकरण की आंधी में विद्युत वितरण का कार्य मनमाने ढंग से अपने पसंदीदा घरानों ओर ठेकेदारों तक को दिया जायेगा।

यूनियन इसका पुरजोर विरोध करती है व यह भी उल्लेख करती है की भविष्य में प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा जो भी दिशा निर्देश दिए जायेंगे, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन, यूनिट कांगड़ा उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेगी। इस मोके पर क्षेत्रीय सचिव दिनेश कुमार, कांगड़ा यूनिट के प्रधान आशीष कटोच, कांगड़ा यूनिट के सचिव पंकज कुमार तथा कार्यकारणी के अन्य सदस्य और समस्त कर्मचारियों ने अपनी उपस्थिती दर्ज करवाई।