पराशर में बर्फबारी में फंसे 150 पर्यटक, रेस्क्यू ऑपरेशन से सुरक्षित निकाले बाहर

उज्जवल हिमाचल। मंडी

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण रविवार को अचानक मौसम ने करवट बदल ली। रविवार को मौसम के अचानक करवट बदलने बाद देर शाम को जिला के विख्यात धार्मिक पर्यटन स्थल पराशर में एक फीट के करीब बर्फबारी हुई। जिससे 150 के करीब पर्यटक फंस गए। हिमपात शुरू होते ही कुछ पर्यटक सुरक्षित पनाह लेने के लिए निजी गेस्ट हाउस पहुंचे। लेकिन पराशर में सभी विश्राम गृह और निजी गेस्ट हाउस पीएमओ के नाम बुकिंग होने के चलते उन्हें वापस लौटने पर मजबूर होना पड़ा।

ऐसे में भारी बर्फबारी होने से पर्यटकों के वाहन फंस गए। इसकी सूचना जिला प्रशासन को मिलते ही कमांद और पद्धर पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से सर्च आपरेशन छेड़ा गया। करीब 12 घंटे तक चले इस सर्च आपरेशन में लगभग 150 पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।

डीएसपी पद्धर लोकेंद्र नेगी ने बताया इस सर्च आपरेशन में पुलिस को स्थानीय लोगों सहित पराशर के एक निजी गेस्ट हाउस व्यवसायी का सराहनीय सहयोग मिला। सभी लोग सुरक्षित रेस्क्यू किए गए हैं। सोमवार सुबह भी स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। उन्होंने बाहरी पर्यटकों के साथ साथ साथ स्थानीय लोगों से खराब मौसम में पराशर घाटी न जाने का आह्वान किया है।