वीकेंड पर हिमाचल पथ परिवहन निगम ने की लोकल बस रूटों में कटौती

सोलन में 50 फीसद रूट बंद

उज्जवल हिमाचल। सोलन

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण जिला प्रशासन के निर्देशों पर शनिवार व रविवार को बाजार बंद रहेंगे। केवल जरूरी वस्तुओं दूध, सब्जियों, फल, दवा व वाहन मरम्मत सहित हाईवे के ढाबे खुले रहेंगे। वहीं सरकारी व निजी कार्यालय भी वीकेंड पर बंद रहेंगे। जिला दंडाधिकारी सोलन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए थे। इसके चलते जिला सोलन में हिमाचल पथ परिवहन निगम ने भी आधे से ज्यादा रूट पर सवारियों के अभाव में बसें न चलाने का निर्णय लिया है। निगम का कहना है कि यात्रियों की उपलब्धता के आधार पर रूट पर बसों को रवाना किया जाएगा।

परिवहन निगम के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार सोलन डिपो में करीब 50, नालागढ़ में 88 और परवाणू में सात रूट प्रभावित हो सकते हैं। निगम का कहना है कि जिस रूट पर दो बसें चलती हैं, वहां यात्रियों की कमी के चलते एक ही बस भेजी जाएगी। जिला में बसें कम चलने से घरों से जरूरी कार्य से निकले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

वहीं शूलिनी निजी बस आपरेटर संघ का कहना है कि शुक्रवार को भी बसों में यात्रियों की संख्या कम ही रही, शनिवार व रविवार को कार्यालय व बाजार बंद होने के कारण जिला में 50 फीसद रूट पर ही निजी बसें चलेंगी। सोलन डिपो के आरएम शुगल सिंह का कहना है कि कार्यालय व बाजार बंद होने के चलते बसों में यात्रियों की कमी को देखते हुए करीब 50 रूट पर बसें नहीं चलेंगी। 35 लंबी दूरी के रूट पर बसें चलती रहेंगी। आरएम नालागढ़ का कहना है कि नालागढ़ डिपो के तहत 176 रूट पर बसें चलती रहेंगी। शनिवार व रविवार को आधे रूट पर बसें चलेंगी। आरएम परवाणू का कहना है कि परवाणू डिपो में करीब सात रूट प्रभावित हो सकते हैं।