हिमाचलः सक्रांति से शुरू होगा शिव को समर्पित सावन का महीना

हिमाचलः सक्रांति से शुरू होगा शिव को समर्पित सावन का महीना

उज्जवल हिमाचल। मंडी
सावन का महीना भगवान शिव (Lord Shiv) को अति प्रिय है और इस महीने में भगवान भोलेनाथ की सच्चे मन से जो भी भक्त पूजा करते हैं उनकी हर मनोकामना पूरी होती है। इस साल अधिक मास होने के कारण सावन का महीना 58 दिनों तक चलने वाला है। 4 जुलाई से सावन का पवित्र महीना शुरू हो गया है जो 31 अगस्त तक चलेगा।

इस दौरान 18 जुलाई से 16 अगस्त तक अधिक मास रहेगा। ज्योतिष परामर्श केंद्र मंडी पंडित रामलाल ने बताया कि सौर मास के आधार पर वर्ष 365 दिन 9 घंटे, चंद्र मास के आधार पर वर्ष 354 दिन 6 घंटे का होता है। इन कम हुए दिनों को पूरा करने के लिए हर 3 साल में अधिक मास मनाया जाता है।

जिसे मल पुरुषोत्तम मास के नाम से भी जाना जाता है। पुरुषोत्तम मास भगवान विष्णु को भी समर्पित है। इस महीने में भगवान विष्णु व भोलेनाथ दोनों की आराधनज्ञ बहुत ही फलदाई मानी गयी है। ज्योतिष पंडित रामलाल ने बताया कि शास्त्रों में सौर, चंद्र और सावन तीन मास बताए गए हैं।

यह खबर पढ़ेंः हिमाचलः गायक सौरभ चौधरी का भक्ति भजन तेरी बंसी की धुन हुआ रिलीज


हिंदू पंचांग के अनुसार पक्ष के आधार पर सावन मास 4 जुलाई से शुरू हो गया है। सौर व सक्रांति के आधार पर सावन का महीना 16 जुलाई से शुरू होगा। जिसके आधार पर देवभूमि हिमाचल के शिवालयों में 16 जुलाई से सावन का महीना मनाया जाएगा।

मंडी शहर के अधिष्ठाता बाबा भूतनाथ मठ मंदिर के महंत देवानंद सरस्वती ने बताया कि सावन मास को लेकर भक्तों में खासा उत्साह रहता है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश सहित छोटी काशी मंडी के शिव मंदिरों में भी 16 जुलाई से सावन का महीना धूमधाम से मनाया जाएगा। भोलेनाथ सावन माह में अपने भक्तों की थोड़ी सी भक्ति से प्रसन्न हो जाते हैं।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।