हिमाचलः कल से करवट लेगा मौसम, दो दिन के लिए यलो अलर्ट जारी

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश में कल से मौसम करवट बदलेगा। एक बार फि‍र से लोगों को ठंड का प्रकोप सहना पड़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने बारिश, आंधी व बर्फबारी की संभावना जताई हैए ऐसे में तापमान में गिरावट आने से ठंड में इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 22 व 23 फरवरी को आंधी व बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। ऊंचे व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात की संभावना है। सोमवार को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा।

27 फरवरी से फिर मौसम साफ रहने की संभावना है। धर्मशाला में 26 को होने वाले क्रिकेट मैच में मौसम खलल डाल सकता है। रविवार को तेज धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई। हालांकि दिनभर हवा भी चलती रही। सुबह और शाम ठंड कम नहीं हुई है। दिन में गर्मी महसूस की जा रही है। आने वाले दिनों में न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। शिमला में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री तक की गिरावट आई है, जबकि अन्य स्थानों पर न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं आया है। हवा चलने से अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।