फिन्ना सिंह नहर में हुए भ्रष्टाचार को लेकर श्वेत पत्र जारी करे सरकार: अजय महाजन

विनय महाजन। नुरपुर

जिस फिन्ना सिंह नहर को पूर्व मंत्री सत महाजन ने अपना ड्रीम प्रोजेक्ट बताया था, वो फिन्ना सिंह नहर भाजपा शासनकाल में भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई है। इस नहर के निर्माण से किसानों को फायदा पहुंचना था लेकिन भाजपा राज में फायदा निजी फर्मों को दिया जा रहा है।

कैग रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय महाजन ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने खुद सदन में 2019-20 की कैग रिपोर्ट का हवाला देते हुए इस बात का खुलासा किया है कि फिन्ना सिंह नहर में निजी फर्मों को गलत तरीके से लाभ दिया गया है।

उन्होंने कहा कि कैग रिपोर्ट के अनुसार फिन्ना सिंह बांध निर्माण में फर्म को 19.52 करोड़ रुपए का गलत लाभ दिया गया है। यह लाभ कांगड़ा जिला में फिन्ना सिंह प्रोजेक्ट बनाने वाली फर्म को दिया गया है। फर्म को गैर मापित कार्य के लिए भुगतान किया गया है। फर्म को बिना किसी डर के स्टील कार्य और विचलन (डेविएशन) के दौरान उच्च दरों पर काम दिया गया।

उन्होंने कहा कि इससे साफ जाहिर है कि मौजूदा सरकार किस तरह से जनता के पैसों से अपने चहेतों को फायदा पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी बताएं कि आखिर किसके दबाव में चंद ठेकेदारों की जेब गर्म की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामी के कारण ही आजतक यह प्रोजेक्ट बनकर तैयार नही हुआ। महाजन ने कहा कि सरकार जल्द फिन्ना सिंह नहर में हुए भ्रष्टाचार के मामलों की जांच करे और दोषी लोगों के नाम जनता के सामने रखे जाएं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने इस मामले पर श्वेत पत्र जारी नहीं किया तो जनता आने वाले चुनावों में सरकार को जरूर श्वेत पत्र जारी कर देगी।