भू-स्खलन की चपेट में आने से पति की मौत, पत्नी घायल

उमेश भारद्वाज। मंडी

चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर भू-स्खलन होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार औट थाना क्षेत्र के तहत आने वाले दवाड़ा नामक स्थान पर आज 11 बजे पहाड़ी से काफी मलबा नेशनल हाईवे पर आ गिरा। स्थानीय प्रशासन ने मौके पर मौजूद मशीनरी की मदद से उस मलबे को एक घंटे के भीतर हटाकर हाईवे को यातायत के लिए बहाल कर दिया, लेकिन दोपहर करीब दो बजे पहाड़ी से पत्थरों का सैलाब आ गया। इसकी चपेट में हाईवे से गुजर रही कार (एचपी-33एफ-0506) आ गई।

कार में सवार मंडी शहर के रामनगर वार्ड निवासी 55 वर्षीय अजय पाल सिंह और उनकी 52 वर्षीय पत्नी परमिंदर कौर बूरी तरह से घायल हो गए। मौके पर मौजूद पधर उपमंडल के पाली गांव निवासी संदीप कुमार ने दोनों घायलों को तुरंत प्रभाव से अपनी गाड़ी में बैठाया और अस्पताल के लिए रवाना हो गया, लेकिन रास्ते में अजय पाल सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी का अस्पताल में उपचार जारी है।

एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी हाईवे से मलबा हटा दिया गया है, लेकिन ऐहतियात के तौर पर हाईवे को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। स्थिति सामान्य होने के बाद हाईवे को यातायात के लिए बहाल किया जाएगा।