कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष ने थामा भाजपा का दामन, विधायक काे बड़ा झटका

सुशील शर्मा। हमीरपुर

सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की लोकप्रियता के चलते कांग्रेस एवं विधायक राजेंद्र राणा को बड़ा झटका लगा है। सुजानपुर ब्लॉक कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष एवं राजीव गांधी पंचायती राज प्रकोष्ठ ब्लॉक उपाध्यक्ष राजेश्वर कटोच ने कांग्रेस पार्टी को अलविदा कहते हुए भाजपा पार्टी ज्वाइन कर ली है। पूर्व मुख्यमंत्री के निवास स्थल समीरपुर में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के सामने पेश होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पूर्व मुख्यमंत्री ने भी विधिवत उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर उनका भाजपा पार्टी में स्वागत किया है।

बताते चलें कि राजेश्वर कटोच लगातार दो बार कांग्रेस सेवा दल सुजानपुर मंडल के ब्लॉक अध्यक्ष पद पर विराजमान रह चुके हैं। इस बार तीसरी बार उनका इस पद पर चयन हुआ था। इसके साथ साथ पार्टी ने उन्हें उनके बेहतरीन कार्यप्रणाली के चलते पार्टी का अतिरिक्त कार्यभार राजीव गांधी पंचायती राज प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष पद पर भी विराजमान किया था, लेकिन उन्होंने कांग्रेस पार्टी के तमाम ओहदों को दरकिनार करते हुए विधिवत भाजपा पार्टी ज्वाइन कर ली है। पार्टी में शामिल होते हुए उन्होंने कहा है कि वह अपने मन से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं और पार्टी उन्हें जो भी आदेश देगी जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, उसका वे बखूबी निर्वहन करेंगे।