अगर विकास करवाया होता तो गलियों में यूं ठोकरें न खाते सीएम जयराम: राठौर

उमेेश भारद्वाज। मंडी

नगर निगम चुनावों को लेकर प्रचार अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है। अब मात्र तीन दिनों के बाद प्रदेश में नगर निगम के लिए मतदान होने जा रहा है। वहीं चुनाव को लेकर सियासी पारा अपनी चरम सीमा तक पहुंच गया है। इसके तहत शनिवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने अपने मंडी प्रवास के दौरान प्रेसवार्ता को संबोधित किया।

विकास की विनाशक बनकर उभर रही प्रदेश सरकार

कुलदीप राठौर ने नगर निगम चुनावों को प्रदेश में कांग्रेस का विकास और भाजपा के द्वारा किया गया विनाश करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन काल के दौरान प्रदेश शिखर पर था, लेकिन भाजपा के राज में हिमाचल में ढलान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हर वार्ड में जाकर दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हो गए हैं। कुलदीप राठौर ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री जयराज ठाकुर ने प्रदेश में विकास करवाया है तो उन्हें इतना घूमने की क्या जरूरत है। इससे साफ प्रतीत होता है कि मुख्यमंत्री को भारतीय जनता पार्टी के हाथों से नगर निगम चुनाव निकलते प्रतीत हो रहे हैं।

नगर निगम चुनावों में सरकारी तंत्र का जमकर हो रहा दुरुपयोग

प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नगर निगम चुनावों के दौरान सरकारी तंत्र का जमकर दुरूपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नगर निगम के चुनावी दौरों के दौरान हेलीकॉप्टर का बेवजह लगातार इस्तेमाल किया जा रहा हैं। उन्हें कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और जन बल पर चुनाव लड़ रही है। जन बल की ताकत धनबल से अधिक होती है और चार नगर निगम में होने वाले चुनावों में कांग्रेस अपनी जीत दर्ज करवाने वाली है। उन्होंने कहा कि जब तक नगर निगम के तहत जोड़े गए ग्रामीण क्षेत्र शहरी क्षेत्रों के बराबर नहीं पहुंच जाएं तब तक 10 वर्षों तक कोई टैक्स माफी की जानी चाहिए। इसके लिए कांग्रेस पार्टी के द्वारा 10 साल तक टैक्स नहीं लेने के लिए लोगों को आश्वासन दिया है।