केंद्रीय विश्वविद्यालय का अस्तित्व खत्म करने को प्रयास कर रही जयराम सरकार

डॉ राजेश शर्मा ने दी भाजपा नेताओं को सीयू मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। धर्मशाला

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. राजेश शर्मा ने जयराम सरकार व प्रदेश भाजपा से केंद्रीय विवि के मुद्दे पर जवाब देने की खुली चुनौती दी है। उन्होंने भाजपा नेताओं से सवाल किया है कि नगर निगम चुनाव में जनता को जवाब दें कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम पर धर्मशाला की जनता को क्यों ठगा जा रहा है। डॉक्टर शर्मा ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय को मुद्दा बनाकर सत्ता में आई भाजपा बताया कि 3 साल से अधिक का समय प्रदेश में भाजपा सरकार होने के बावजूद केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए भूमि चयन क्यों नहीं हो पाया है। उन्होंने सबाल किया कि धर्मशाला में आज भी अन्य विभागों के भवनों में केंद्रीय विश्वविद्यालय क्यों चल रहा है।

भाजपा का अपना संगठन क्यों कर रहा सरकार के खिलाफ आंदोलन

उन्होंने कहा कि भाजपा इस बात का भी जवाब दे कि उनकी अपना ही संगठन एबीवीपी उनके खिलाफ क्यों आंदोलन कर रहा है। केंद्रीय विश्वविद्यालय में 1 साल तक नियमित कुलपति, रजिस्ट्रार व परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति क्यों नहीं हो पाई है। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद केंद्रीय विश्वविद्यालय के अस्तित्व को खत्म करने के जयराम सरकार क्यों प्रयास कर रही है। क्या यह कांगड़ा की जनता से भेदभाव नहीं है। क्या हिमाचल प्रदेश की नई पीढ़ी को शोध के क्षेत्र में आगे बढऩे से रोकने का यह षड्यंत्र नहीं है। डॉक्टर शर्मा ने केंद्रीय विश्वविद्यालय के मुद्दे पर भाजपा को हर सवाल का जवाब देने के लिए कड़ी चुनौती दी है। डॉ. शर्मा ने कहा कि भाजपा इन सवालों का जवाब नहीं देगी तो जनता उन्हें नगर निगम चुनावों में इन सवालों का जवाब देकर नगर निगम ही नहीं 2022 में भी सत्ता से बाहर जाने का संदेश देगी।