शिमला के रिज मैदान पर होगा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम

उज्जवल हिमाचल। शिमला

स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम ऐतिहासिक रिज मैदान पर मनाया जाएगा। 15 अगस्त के लिए परेड की रिहर्सल रिज मैदान पर की जाएगी। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर प्रदेश पुलिस, होमगार्ड जवान और NCC, NSS छात्रों द्वारा 15 अगस्त की परेड की रिहर्सल की जा रही है। इस परेड में 48 पुलिस जवान, 54 होमगार्ड के सिपाही, 60 NCC कैडेट्स और 54 NSS छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया।

कुल 216 सिपाही इस परेड में मुख्य रूप से शामिल होंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह 15 अगस्त 2022 को सिरमौर जिले के सराहां में आयोजित किया जाएगा। राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर करेंगे। इस अवसर पर बहुद्देश्यीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहेंगे। वहीं, जिला कांगड़ा का जिला स्तरीय समारोह धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इसी प्रकार जल शक्ति, राजस्व, बागवानी एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर मंडी जिला के भंगरोटू में, शहरी विकास, आवास, सहकारिता, विधि और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज शिमला में, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी किन्नौर जिले के रिकांगपिओ, तकनीकी शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी एवं जनजातीय विकास मंत्री डॉ. राम लाल मारकंडा लाहौल-स्पिति जिले के केलंग में, ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, कृषि, पशु एवं मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ऊना में, उद्योग, परिवहन, श्रम एवं रोजगार मंत्री विक्रम सिंह हमीरपुर में, शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर कुल्लू, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. राजीव सैजल सोलन में, वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया चंबा जिले के बनीखेत में और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग बिलासपुर में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे।