UNGA में बोलीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, लैंगिक भेदभाव खत्म करने को भारत दे रहा जोर

उज्जवल हिमाचल। डेस्क
संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में महिलाओं पर चौथे विश्व सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारत ने कहा कि वह अपने विकास के एजेंडे के सभी पहलुओं में लैंगिक समानता और महिला सशक्तीकरण पर बल दे रहा है। भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने महासभा में कहा कि हम महिलाओं के विकास के साथ साथ महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास के प्रतिमान को लेकर आगे बढ़े हैं। वर्तमान समय में भारत सभी क्षेत्रों में लैंगिक समानता सुनिश्चित करने और लंैगिक भेदभाव के सभी रूपों को खत्म करने पर बल दे रहा है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने गुरुवार को ऑनलाइन माध्यम से अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और उनकी देखभाल सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं।

इसके तहत केंद्रों में एक छत के नीचे महिलाओं को चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक, कानूनी, पुलिस और आश्रय जैसी सहूलियतें मुहैया कराई जा रही हैं। हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 75वें सत्र को ऑनलाइन संबोधित करते हुए पाकिस्तान और चीन पर परोक्ष रूप से निशाना साधा था। पीएम ने कहा था कि आतंकवाद और युद्ध ने लाखों जिंदगियां छीन ली हैं। उधर, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में पाकिस्तान के निरंतर असत्य दुष्प्रचार का जवाब देते हुए भारत ने जोरदार हमला बोला। भारत ने कहा कि पाकिस्तान का एकमात्र उद्देश्य आतंकियों को पालने-पोसने के कृत्य पर चर्चा से बचने के लिए बेवजह का शोर मचाना है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में जवाब देने के अधिकार का इस्तेमाल करते हुए भारत ने कहा कि आतंकवाद, अल्पसंख्यकों पर अत्याचार, शिया व अहमदिया मुस्लिमों के खिलाफ हिंसा और उनके साथ भेदभाव की पाकिस्तान की कोई बात दुनिया से छिपी नहीं है। बावजूद पाकिस्तान दूसरे देशों पर अनावश्यक आक्षेप लगाता है।