इनरव्हील क्लब कांगड़ा मना रहा अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

इनरव्हील क्लब कांगड़ा वरिष्ठ जन के हित के लिए अक्तूबर मास को अंतरराष्ट्रीय बुजुर्ग माह के रूप में मना रहा है, जिसके तहत क्लब के सदस्यों ने वृद्धाश्रम जाकर बुजुर्गों की भावनाओं, उनकी समस्याओं को समझा व जाना। क्लब गुप्त गंगा में किराए के मकान में रह रहे एक बुजुर्ग दंपत्ति से मिला जिनका आखिरी सहारा उनका बेटा था, जिसका निधन हो चुका है। अब उस बेसहारा बुजुर्ग दंपत्ति के पास आय का कोई साधन नहीं है। ऐसे बुजुर्ग दंपत्ति को क्लब ने खाद्य सामग्री तथा आवश्यक सामग्री प्रदान की, ताकि कुछ समय के लिए उनका गुजर बसर हो सके। क्लब की अध्यक्ष डॉ सुमन शर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय वृद्ध माह मनाने का क्लब का उद्देश्य वरिष्ठ जन का सम्मान व मान करना है।

आजकल का युवा जो अपनी चकाचौंध में वृद्ध जन को उपेक्षित कर रहा है, उनके मन में बुजुर्ग वर्ग के लिए आदर भाव भरना है। कोरोना की बजह से कई बुजुर्गों की आर्थिक व्यवस्था चरमरा सी गई गई है। ऐसे समय में क्लब का यह छोटा-सा प्रयास कुछ राहत प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इनरव्हील क्लब इस प्रकार के कार्य करने में प्रयासरत हैं तथा आगे भी जरूरतमंदों के उत्थान के लिए कार्य करेगा। तंगी से जूझ रहे लोगों के लिए इस तरह के प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं। समाज के हर सक्षम वर्ग को ऐसे समय पर आगे आना चाहिए। हालांकि मदद को कई हाथ बढ़े हैं।

बहुत सारी संस्थाएं, क्लब, समाज सुधारक समय-समय पर मदद कर रहे हैं। इनरव्हील क्लब भी अपनी भूमिका निभा रहा है। क्लब की सदस्यों शीला राणा, निशि, निमिषा, सरिता धीमान, सुनील शर्मा व अन्य सदस्यों ने भी इस कार्य में अपनी भागीदारी दी। साथ ही उन्होंने शपथ ली कि क्लब भविष्य में भी ऐसे वृद्ध जनों की मदद करने के लिए प्रयासरत रहेगा। क्लब अध्यक्ष डॉ सुमन शर्मा ने कहा कि हमें बुजुर्गों को अनमोल संपत्ति समझकर संभाल कर रखना चाहिए, ताकि हम अपनी जड़ों को मजबूत बना सकें, जब जड़ें मजबूत होंगी, तो किसी भी प्रकार की आंधी पौधे का बाल बांका नहीं कर सकती।