जलशक्ति मंत्री ने कांग्रेस पर बोला जुबानी हमला

उमेश भारद्वाज। मंडी

प्रदेश के जलशक्ति, बागवानी, राजस्व व सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने अपने नाचन विधानसभा दौरे के दौरान पूर्व कांग्रेस सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला। महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार अपने कार्यकाल में पेयजल आपूर्ति करने के लिए पाइपें तक खरीद नहीं पाई। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर विभाग से पाइपें खरीदने के साथ पूरे प्रदेश के लिए पेयजल आपूर्ति और सिंचाई योजनाओं को लेकर डीपीआर बनाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा जल जीवन मिशन के तहत हर घर में शुद्ध पेयजल पहुंचाने की योजना शुरू कर संपूर्ण देश को एक बड़ी राहत दी गई है।

  • कहा, पूर्व की कांग्रेस सरकार पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपें तक खरीदने में रही विफल
  • महेंद्र सिंह ठाकुर ने नाचन दौरे के दौरान 12 करोड़ रुपयों की विकास परियोजनाओं के किए उद्घाटन व शिलान्यास
  • 9 ग्राम पंचायतों के लिए 30 करोड़ 74 लाख रूपए की लागत से पेयजल योजना का होगा निर्माण
  • नाचन विधानसभा क्षेत्र के लोगों को विभिन्न विकासत्मक कार्यों के लिए धन देने की भी की घोषणा
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई जल जीवन मिशन के तहत हर घर में पहुंचा जा रहा पेयजल

वीरवार को मंडी जिला के नाचन विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान महेंद्र सिंह ठाकुर ने नाचन विधानसभा क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। उन्होंने कहा कि चैलचौक क्षेत्र की 9 ग्राम पंचायतों के लिए बहुउद्देश्यीय ग्रामीण पेयजल योजना के तहत 30 करोड़ 74 लाख रूपए की लागत से पेयजल योजना का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने 5 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित पेयजल योजना डोलधार और 19 लाख रूपए की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाढू के दो कमरों का उद्घाटन किया। उन्होंने 3 करोड़ 85 लाख रूपए की लागत से ग्राम पंचायत लोट, जाहन, तुन्ना, कांडी कमरूनाग के लिए निर्मित विभिन्न पेयजल संवर्धन योजनाओं, 52 लाख रूपए की लागत से बागवानी विस्तार केंद्र बाढू, एक करोड़ 70 लाख रूपए की लागत से निर्मित पेयजल योजना बाढू, 53 लाख रूपए की लागत से आर्युवैदिक स्वास्थ्य केंद्र बाढू और पटवारखाना बाढू का शिलान्यास भी किया।

महेंद्र सिंह ठाकुर ने अपने दौरे के दौरान पेयजल योजना जाबल-सरोआ के लिए 39 लाख 34 हजार रूपए, पेयजल योजना बाढू, किलिंग, छमयार तथा साली के लिए एक करोड़ 69 लाख रूपए, उठाऊ सिंचाई योजना मडोहग धनियूट के लिए 16 लाख 66 हजार रूपए, चाम्बी, जैदेवी, भूलण, सैंजीकोठी पंचायतों में पेयजल येाजनाओं के लिए 3 करोड़ रूपए तथा घीड़ी पेयजल योजना के लिए 77 लाख रूपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर भाजपा मंडलाध्यक्ष सोहन सिंह ठाकुर, जिला परिषद के उपाध्यक्ष मुकेश, जिला परिषद सदस्य हुकुम ठाकुर, पंचायती राज संस्थाओं के पदाधिकारी, भाजपा संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित अन्य लोग भी
उपस्थित रहे।