दो हफ्ते में पूरा होगा झोर खड्ड के वैली ब्रिज का कामः प्रतिभा सिंह

उज्ज्वल हिमाचल। मंडी

सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बल्ह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत लुहाखर में झोर खड्ड के क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर बन रहे वैली ब्रिज के काम को दो हफ्ते में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस पुल का निर्माण 2 करोड़ रुपये से किया जा रहा है। सांसद गुरुवार को बल्ह विस क्षेत्र के आपदा प्रभावित इलाकों के दौरे पर थीं। उन्होंने वहां राहत पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की तथा जन समस्याएं सुनीं।

कहा- पुल के क्षतिग्रस्त होने से लोगों को असुविधा का करना पड़ा सामना

इस दौरान उन्होंने लुहाखर में निर्माणाधीन वैली ब्रिज का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बता दें जुलाई-अगस्त में भारी बरसात के दौरान भू.स्खलन से झोर खड्ड पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। सांसद ने कहा कि इस पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने से बल्ह तथा सुन्दरनगर क्षेत्र के लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

लेदा में भूस्खलन से क्षतिग्रस्त उप स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करें कि इसे दो हफ्ते में बनाकर जनता को सौंपा जाए ताकि लोगों की समस्याओं का निराकरण हो सके। उन्होंने लेदा में भूस्खलन से क्षतिग्रस्त उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया। इससे पहले प्रतिभा सिंह ने बल्ह क्षेत्र के कोठी गैहरी, लेदा, लसी का पधरए कंसा चौकए घट्टा कुमीए भड़याल व बैहना टिक्कर गांव का भ्रमण किया तथा आपदा प्रभावित लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिया।

यह भी पढ़ेंः जनता को परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही सुक्खू सरकारः बलबीर वर्मा

सीएम खुद कर रहे राहत-पुनर्वास कार्यों की निगरानी

केंद्र सरकार से नहीं मिली विशेष सहायता अपने संसाधनों से मदद कर रही प्रदेश सरकार सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद राहत और पुनर्वास कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार की मदद के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से कोई विशेष आर्थिक मदद न मिलने के बावजूद भी राज्य सरकार अपने संसाधनों से प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता कर रही है। प्रदेश सरकार ने 4500 करोड़ का राहत पैकेज जारी किया हैए जिससे प्रदेश के प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की जा रही है।

अधिकारी व कर्मचारी दिन-रात मेहनत करके राहत कार्यों में जुटे रहें

सांसद प्रतिभा सिंह ने आपदा से प्रभावित लोगों के लिए राहत व पुनर्निर्माण कार्यों में अधिकारियों व कर्मचारियों की अहम भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी दिन-रात एक करके राहत और पुनरुद्धार कार्यों में जुटे हैं। क्षेत्र के प्रवास के दौरान सांसद के साथ पूर्व मंत्री व जिला कांग्रेस के अध्यक्ष प्रकाश चौधरी, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष तरूण ठाकुर, रिम्पल चौधरी, महिला मोर्चा की अध्यक्ष दिशु व अन्य पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद थे।

ब्यूरो रिपोर्ट मंडी

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें