बहुत ही अनुभवी व परिपक्व नेता हैं जेपी नड्डा : शांता

उज्जवल हिमाचल। पालमपुर

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी के हिमाचल संगठन को बिल्कुल सही संकेत दिया है। उन्होंने जारी बयान में कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि उनके मित्र और छोटे भाई की तरह प्रिय अजीज जगत प्रकाश नड्डा अब बहुत ही अधिक अनुभवी व परिपक्व हो गए हैं। करारी हार से आहत हिमाचल भाजपा को उन्होंने ठीक संदेश दिया है। जगत प्रकाश नड्डा ने इशारा किया है और यह भी कहा है कि इशारा समझो। अब भी यदि कोई नेता नहीं समझेगा, तो भगवान ही रक्षा करेगा।

यह भी देखें : गायक रोहित कौंडल का गाना ‘खस्मा नू खान्यां हो’ मचा रहा धूम…

शांता कुमार ने कहा कि मैं प्रतीक्षा कर रहा था कि करारी हार के बाद पहली बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल में क्या कहेंगे। उन्हें प्रसन्नता है कि उन्होंने बहुत बढ़िया कहा है। शांता कुमार ने कहा कि नए भारत के निर्माण में नरेंद्र मोदी और अमित शाह के साथ हमारे जगत प्रकाश नड्डा का भी ऐतिहासिक योगदान रहेगा। यह सोच कर गौरवांवित हो रहा हूं। उन्होंने नड्डा को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

हाल ही में हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव हुए हैं और चारों सीटें पर भाजपा हार गई है। इस हार का मंथन भी हुआ है और शीर्ष नेतृत्व ने संगठन को कसने की कोशिश भी की है, लेकिन ऐसे में अब जब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का हिमाचल आना हुआ, तो सभी यह देख रहे थे कि नड्डा अपने घर में आकर क्या कहेंगे, लेकिन उन्होंने जो भी कहा उससे पूर्व मंत्री शांता कुमार काफी खुश हैं और शांता कुमार ने नड्डा के इशारे को समझने का भी इशारा नेताओं किया है।