आने वाले लोकसभा चुनावों में ब्राह्मण समुदाय की अनदेखी न करें

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

कांगड़ा बाईपास पर शीघ्र ही परशुराम भवन बनकर तैयार होगा जिसके लिए भवन का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है। इसके चलते कांगड़ा में हिमाचल प्रदेश ब्राह्मण कल्याण परिषद के अध्यक्ष पंडित वेद प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया।

इसमें प्रदेश अध्यक्ष ने समुदाय के सदस्यों व लोगों को इस भवन के निर्माण के लिए अनुदान करने पर अपना बढ़-चढ़कर सहयोग देने की मांग की है। बैठक में बैजनाथ से प्रीतम भारती, मरांडा से शांति स्वरूप शर्मा, कांगड़ा त्रिलोक भट्ट, प्रभात शर्मा, कमलपाधा, सतीश कुमार, भूषण लाल शर्मा, अश्विनी कुमार शर्मा, चमन लाल शर्मा, के.के. शर्मा, प्रेम व्यास के अतिरिक्त दर्जनों समुदाय के सदस्य मौजूद रहे। जिला हमीरपुर, नादौन, चंबा, बैजनाथ, पपरोला,पालमपुर, लंबा गांव इत्यादि विभिन्न स्थानों से समुदाय के सदस्यों ने अपने विचार भी रखें।

कांगड़ा से किसी भी ब्राह्मण समुदाय के मंत्री को न बनाने पर समुदाय में भारी रोश  

बैठक के उपरांत ब्राह्मण कल्याण परिषद के प्रदेश अध्यक्ष पंडित वेद प्रकाश शर्मा व सचिव गौतम व्यथित ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में सभी राजनीतिक पार्टियां ब्राह्मण समुदाय की अनदेखी न करें। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा से किसी भी ब्राह्मण समुदाय के मंत्री को न बनाने पर समुदाय में भारी रोश है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ब्राह्मण समुदाय के परशुराम भवन के निर्माण हेतु 21 लाख रुपए देने की घोषणा की थी लेकिन उसके उपरांत विधानसभा के चुनाव आ जाने के कारण वह धनराशि हमें नहीं मिल सकी।

मांग को लेकर एक प्रतिनिधि मंडल मिला था मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से 

जिसकी मांग को लेकर समुदाय का एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिला था। उन्होंने आश्वासन दिया था कि वह शीघ्र इस धनराशि को समुदाय के लोगों को  निर्माण के लिए देंगे। उन्हें उम्मीद है कि यह धनराशि भी शीघ्र समुदाय को मिलेगी तथा इस भवन का निर्माण भी हो सकेगा। बैठक में संगठन को बढ़ाने के लिए कई प्रस्ताव रखे गए तथा सर्वसम्मति से पास किए गए।

संवाददाताः अंकित वालिया

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें