डमटाल ब्लाइंड मर्डर का आरोपी गिरफ्तार, ढाबा मालिक के बेटे ने किया था कत्ल

विनय महाजन। नूरपुर

डमटाल में पंजाब के युवक की हत्या मामले की गुत्थी पुलिस ने दो दिन में सुलझाते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित सिरत (इंदौरा) निवासी 24 वर्षीय लवली को अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उसे चार दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। मृतक 30 वर्षीय युवक कंचन सिंह पठानकोट का निवासी था।

रविवार सुबह डमटाल बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खून से लथपथ युवक का शव बरामद हुआ था। इसकी सूचना मिलने पर डीआइजी उत्तरी क्षेत्र सुमेधा द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक कांगड़ा डा. खुशहाल शर्मा ने मौके का जायजा तथ्य जुटाए थे। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि मृतक कंचन सिंह पुत्र पुरषोत्तम सिंह पंजाब के जिला पठानकोट का निवासी था। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की लोकेशन सहित सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इसी आधार पर घटनास्थल के पास स्थित ढाबा के मालिक और उसके बेटे को डमटाल थाने में बुलाया। दोनों के बयान आपस में नहीं मिले तो उनसे सख्ती से पूछताछ की गई। इस बीच ढाबा मालिक के बेटे लवली ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म कुबूल कर लिया। इस पर हत्या के आरोपित लवली को गिरफ्तार कर लिया गया। ऐसे दिया वारदात को अंजाम

डीएसपी नूरपुर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि कंचन सिंह 19 फरवरी को अपने घर नाजोचक से किसी कार्य के लिए निकला था। वह रात को डमटाल के ढाबे पर पहुंचा। ढाबे में एक कमरा किराये पर लेकर उसने वहीं पर शराब का सेवन किया। देर रात ढाबा मालिक के बेटे लवली से उसका किसी बात पर झगड़ा हो गया। इसके बाद उनमे मारपीट हुई। लवली ने कंचन को कमरे से बाहर निकालकर सड़क किनारे ले जाकर धक्का दे दिया। उसके बाद वहीं पड़ी ईट उठाकर उसके सिर और चेहरे पर प्रहार कर दिए। इससे कंचन की मौके पर मौत हो गई। आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्ती के बाद उसने पूरी कहानी बयां कर दी। पुलिस अब इस ढाबे में बने कमरों की जांच के लिए पर्यटन विभाग को लिखेगी।