कांगड़ा: पड़ोसी ने लैंटर से दिया धक्का, महिला गई जान

उज्जवल हिमाचल कांगड़ा

कांगड़ा थाना के अंतर्गत पड़ोसी द्वारा एक महिला को लैंटर से धक्का दिए जाने के बाद उसकी मौत हो गई। घायल अवस्था में टांडा पहुंची महिला ने मरने से पहले अपने बयान में पड़ोसी पर लैंटर से नीचे गिराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि वीरवार शाम को सूचना मिली कि बड़ी हलेड़ में शकुन्तला देवी 60 से उसके पड़ोसी वचित्र सिंह ने गाली-गलौच किया व लैंटर से धक्का देकर नीचे फैंक दिया।

शकुन्तला देवी की बहू ने बताया कि उसकी सास के साथ आरोपी गाली-गलौच करने लगा और धमकी देने लगा कि आज तुझे देख लेता हूं जिसके बाद उसने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। जब वह अपनी सास को छुड़वाने के लिए गई तो आरोपी वचित्र सिंह ने सास को धक्का देकर लैंटर से नीचे गिरा दिया। दोनों परिवारों का मकान साथ-साथ है और एक.दूसरे के लैंटर तक आया जाया जा सकता है। लैंटर से नीचे गिरी सास को घायल अवस्था में उपचार के लिए डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद मेडिकल काॅलेज टांडा पहुंचाया गया जहां शकुन्तला देवी ने पुलिस को बयान दिया कि आरोपी ने उसे धक्का देकर लैंटर से नीचे गिराया है।

पुलिस ने इस मामले में पहले धारा 452, 323, 504 के तहत मामला दर्ज किया था। उपचार के दौरान देर शाम महिला की मौत हो गई जिसके बाद धारा 302 के तहत मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मौके पर एसपी खुशाल सिंह ने स्थिति का जायजा लिया और जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। तथा अगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।