कृष्ण चंद मिंटू को सौंपी सुकेत व्यापार मंडल की कमान,कार्यकारिणी गठित

उमेश भारद्वाज। मंडी

हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमेश शर्मा से मिले दिशा-निर्देश के उपरांत सुकेत व्यापार मंडल सुंदरनगर की कार्यकारिणी का रविवार को गठन किया गया है। इस मौके पर सुंदरनगर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता क्षेत्र के वरिष्ठ व्यापारी शिवराम शर्मा ने की। बैठक में कृष्ण चंद मिंटू को सर्वसम्मति से सुकेत व्यापार मंडल का प्रधान और रतन सिंह नामधारी को महासचिव चुना गया है, जबकि व्यापार मंडल के संयोजक की जिम्मेदारी सुरेश कौशल को दी गई है। इसके अलावा शेष कार्यकारिणी के गठन का अधिकार नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिया गया है।

अध्यक्ष कृष्ण चंद मिंटू ने कहा कि जो विश्वास व्यापारियों ने उन पर जताया है, वह उस पर खरा उतरने के लिए सभी को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से सुंदरनगर व्यापार मंडल की निष्क्रियता के कारण व्यापारियों को भारी खामियाजा भुगतना पड़ा है। मुट्ठी भर लोग न तो पदों का मोह छोड़ पाए और न ही चुनाव करवा पाने की हिम्मत दिखा पाए। इसी कारण व्यापारियों को एकजुट होकर नए व्यापार मंडल का गठन करना पड़ा।

सुकेत व्यापार मंडल के संयोजक सुरेश कौशल उर्फ बब्बू पंसारी ने कहा कि करीब दो वर्ष तक संयोजक सुरेश कौशल ने नेतृत्व में व्यापार मंडल ने व्यापारियों की सेवा करते हुए जो कार्य किया है, उससे प्रभावित होकर और सुंदरनगर व्यापार मंडल की निष्क्रियता के चलते ही हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमेश शर्मा से मिले दिशा-निर्देशों के उपरांत रविवार को सुकेत व्यापार मंडल की कार्यकारिणी का गठन किया गया है।