तेंदुएं ने 4 मवेशियों को बनाया अपना शिकार

चमेल सिंह देसाईक। शिलाई

विस क्षेत्र के अंदर तेंदुऐ का ख़ौफ़ बरकरार है, तेंदुए ने टटियाणा गांव में 4 मवेशियों को अपना शिकार बनाया है, जिसके कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार टटियाणा निवासी दीप चंद की बकरियां खोड़ावास में हर दिन की तरह चरने के बाद पशुशाला में बंद की गई थी, लेकिन रात के समय जंगली तेंदुए ने पशुशाला के अंदर से 2 बकरियों व 2 बकरों को अपना शिकार बनाकर क्षेत्र के लोगों में सनसनी फैला दी है।

क्षेत्रीय लोगों की माने तो लगातार क्षेत्र में तेंदुए के शिकार जानवर व मवेशी हो रहे हैं। इसलिए इंसानों को अपना डर सता रहा है। कई बार वन विभाग व स्थानीय प्रशासन को लिखा गया है कि जंगली तेंदुए के आतंक से ग्रामीणों को बचाया जाए तथा तेंदुए को पकड़कर पिजरे में बंद किया जाए या दूर जंगलों में छोड़ दिया जाए, लेकिन विभाग सभी बातें अनसुनी कर रहा है, किसके कारण क्षेत्रवासियों को अपने जीवन का डर सता रहा है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी शिलाई विद्या सागर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वह कफोटा वन परिक्षेत्र अधिकारी व वन परिक्षेत्र गार्ड को संपर्क कर रहे हैं। जल्द तेंदुए को पकड़ कर जंगलों में छोड़ा जाएगा। मवेशियों व जानवरों को मारने की शिकायतें आ रही है, जिसको मध्य नजर रखते हुए विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।