अपने ही घर में साथियाें के साथ नाबालिग ने चुराए गहने, मामला दर्ज

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। नाहन

नाहन में एक नाबालिग ने साथियों के साथ मिलकर अपने ही घर में गहनों पर हाथ साफ किया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार कुंता देवी निवासी मकान 146/10, मौहल्ला तेलियान, कच्चा टैंक, नाहन ने जिला सिरमौर थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई कि इसने अपने गहने घर में गोदरेज अलमारी के लॉकर में रखे हुए थे।

रक्षाबंधन के दिन इसने गहने पहनने के लिए अलमारी खोली, तो गहने अलमारी के अंदर लॉकर में मौजूद नहीं थे। इसने घर में पूछा परंतु कुछ पता नहीं चला। शिकायतकर्ता ने संदेह जताया कि इसके घर में इसके नाबालिग बेटे के पास साहिल वर्मा नामक लडक़ा अकसर आता था। उसने इसके नाबालिग बेटे के साथ मिलकर इसके गहने (गले का सैट-01, झुमके -1 जोड़ा, छोटा मंगलसूत्र -01, एक अन्य मंगलसूत्र, अंगूठी-02 सभी गहने सोने के) चोरी किए हो। उक्त शिकायत पर पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज किया गया।

जिला सिरमौर पुलिस ने उक्त मामले को सुलझाने में सफलता प्राप्त करते हुए पांच आरोपियों साहिल वर्मा, अशोक कुमार, शिवांशु लोहिय़ा, रोहित कश्यप एवं आदिल मोहम्मद, सभी निवासी नाहन को गिरफ्तार किया है। इन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर के पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। साथ ही चोरीशुदा गहनों को भी शीघ्र बरामद कर लिया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा ने मामले की पुष्टि की है।