BREAKING : सुखजिंदर रंधावा बन सकते हैं पंजाब के नए सीएम

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

नवजोत सिद्धू के करीबी विधायक सुखजिंदर रंधावा पंजाब के नए मुख्यमंत्री होंगे। कुछ ही देर में इसका औपचारिक एलान हो सकता है। कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह कोटकपूरा और दर्शन सिंह बराड़ ने भी इसकी पुष्टि की है। वहीं, सुखजिंदर रंधावा ने कहा कि सरकार चाहे 4 महीने की हो या 4 दिन की, काम करने वाले के लिए ये समय पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने काम नहीं करना है, तो उसके लिए 4 वर्ष भी कम हैं। मुख्यमंत्री की शपथ को लेकर उन्होंने कहा इस पर अंतिम फैसला आलाकमान ही करेगा। वहीं, कांग्रेस आलाकमान पंजाब में वन प्लस 2 के फार्मूले का उपयोग करेगी। मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। इसमें एक दलित और दूसरा हिंदू होगा।

दलित कोटे से अरुणा चौधरी और चरणजीत सिंह चन्नी और हिंदू चेहरे के लिए विजय इंदर सिंगला और भारत भूषण आशु का नाम चल रहा है। चंडीगढ़ में रंधावा के आवास के बाहर कार्यकर्ता जुटने लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक, आलाकमान ने फैसला ले लिया है। जल्द ही घोषणा की जाएगी। सुनील जाखड़ के नाम को लेकर खूब बातें की गईं, हालांकि कांग्रेस के कुछ नेता सिख चेहरे को मुख्यमंत्री की कुर्सी दिए जाने की सिफारिश कर रहे थे। सूत्रों ने बताया कि नवजोत सिंह सिद्धू भी मुख्यमंत्री पद के लिए दौड़े, लेकिन वे नहीं जीते। सिद्धू ने खुद हाईकमान से मुख्यमंत्री पद की मांग की थी।

सिद्धू ने आलाकमान पर दबाव बनाने की भी कोशिश की थी, लेकिन अंत में रंधावा का नाम फाइनल हो गया है। इससे पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद रविवार को चंडीगढ़ में होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक स्थगित कर दी गई थी। कई दिग्गज कांग्रेसी नेताओं के नामों पर मंथन किया जा रहा था। इसमें अंबिका सोनी से भी सोनिया गांधी ने राय ली थी। हालांकि सोनी ने मुख्यमंत्री पद की पेशकश को ठुकरा दिया है। राहुल गांधी से मिलने पहुंचीं सोनी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री का चेहरा सिख होना चाहिए।