मानसून ने अब तक 374 लोगों की ली जान और 988 करोड़ के दिए जख्म

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। शिमला

प्रदेश में मानसून का कहर जारी है इस बार मानसून ने बहुत ज्यादा तबाही मचाई है। इससे लोगों को जान माल का खासा नुकसान हुआ है। खराब मौसम का कहर जारी है, और आने वाले कुछ दिनों तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। कई स्थानों में भारी बारिश का दौर जारी है। खराब मौसम और भूस्खलन की वजह रोजाना कई दुर्घटनाएं हो रही हैं। अब तक के अवलोकन के अनुसार प्रदेश में 998 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान हो चुका है।

वहीं 374 लोगों की मौत हो चुकी है। देवभूमि में इस बार बरसात मौत लेकर बरसी है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस बार मानसून में 13 जून से 10 सिंतबर तक 374 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 13 लोग अब भी लापता हैं। किन्नौर जिले में 4, कुल्लू में 3, लाहौल-स्पीति और चंबा में 2-2, कांगड़ा और सोलन में 1-1 व्यक्ति अब भी लापता हैं।