देश में लगातार चौथे दिन 4 LAKS से ज्यादा नए केस, हिमाचल के 37 लोगों समेत देश में 4,092 की मौत

उज्जवल हिमाचल/ दिल्ली/ शिमला

देश कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कहर से कराह रहा है। कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से देश की स्वास्थ्य प्रणाली चरमरा गई है। देश में आज यानी रविवार को पांचवी बार 4 लाख से ज्यादा नए केस मिले हैं। वहीं आज लागतार चौथे दिन 4 लाख से ज्यादा नए मरीज मिले हैं। नए संक्रमितों के साथ मौतों का बढ़ता आंकड़ा भी चिंता का सबब बन रहा है। पिछले 24 घंटों में 4,092 लोगों की जान चली गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि पिछले 24 घंटे में 3.86 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं। यह एक दिन में ठीक होने वालों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। कोरोना महामारी की दूसरी लहर के चलते देश भर में हाहाकार मचा हुआ है। लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की वजह से देश भर के अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की भारी किल्लत जारी है। सैकड़ों मरीज बिना इलाज के ही दम तोड़ रहे हैं। वहीं श्मशान घाटों पर शवों के अंतिम संस्कार के लिए कई घंटों का इंतजार करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में 4,03,738 नए कोरोना मरीज मिल हैं। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2,22,96,414 पहुंच गई है। वहीं देश में लगातार दूसरे दिन 4,092 लोगों ने दम तोड़ा है। इसके साथ कोविड से मरने वालों की संख्या 2,42,362   पहुंच गई।

उधर, हिमाचल प्रदेश में शनिवार को 37 और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई है। कांगड़ा जिले में 14, शिमला छह, मंडी पांच, हमीरपुर चार,  सोलन तीन, ऊना और चंबा में दो-दो, बिलासपुर में एक संक्रमित ने दम तोड़ा। उधर, प्रदेश में 4248 लोगों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से कांगड़ा जिले में 1261, मंडी 686, सोलन 403, हमीरपुर 351, शिमला 331, बिलासपुर 302, चंबा 248, ऊना 160, सिरमौर 352, कुल्लू 117, किन्नौर 22 और लाहौल-स्पीति में 15 नए मामले आए हैं। आरटीओ हमीरपुर दूसरी बार कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।