सांसद प्रतिभा सिंह आज सोनिया गांधी से करेंगी मुलाकात, मिल सकती है अहम जिम्‍मेदारी

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

मंडी संसदीय सीट से सांसद बनीं प्रतिभा सिंह पार्टी हाईकमान से मुलाकात करने दिल्ली प्रवास पर हैं। आज बुधवार को इनका राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने का कार्यक्रम है। इनके अलावा राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे। प्रतिभा सिंह के साथ उनके बेटे व शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह भी दिल्ली गए हैं। दोनों मंगलवार सुबह दिल्ली रवाना हुए हैं। उपचुनाव में जीत के बाद पहली बार प्रतिभा सिंह दिल्ली गई हैं।

प्रतिभा सिंह के दिल्ली दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा है। चर्चा यह भी है कि सांसद के साथ संगठन में भी उन्हें कोई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। मंडी संसदीय सीट से जीत के बाद राजनीति में होलीलाज एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। जीत के बाद रोजाना विधायक, पार्टी पदाधिकारी से लेकर कार्यकर्ता बधाई देने के लिए होलीलाज पहुंच रहे हैं।