मंडी की जनता को महसूस नहीं होने देंगे विधायक की कमी: जयराम ठाकुर

नगर निगम चुनाव प्रचार के बहाने सीएम ने साधा निशाना

उमेश भारद्वाज। मंडी

मंडी नगर निगम चुनावों में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ताल ठोकते हुए भाजपा प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार किया और मंडी की जनता को भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने नेला, पैलेस, तल्याहड,सुहडा और समखेतर वार्डों में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मंडी के वे हमेशा ही ऋणी रहेंगे और कभी भी मंडी के कर्ज को नहीं चुका सकते। उन्होंने कहा कि मैंने अपने जीवन का बड़ा ही महत्वपूर्ण समय इस शहर में गुजारा है और इस शहर ने उन्हें सब कुछ दिया है। अब मेरी बारी है कि इस क्षेत्र का कुछ ऋण मैं उतारने का प्रयास करूं।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सदर से भारतीय जनता पार्टी का विधायक हमने दिया था। लेकिन उन्होंने सदर की जनता की जगह अपने परिवार को चुना। उन्हें परिवार से आगे कुछ नहीं चाहिए था और हमें मंडी के सम्मान से कम कुछ नहीं। इस परिस्थिति में हमारा यह कर्तव्य है कि उस कमी को हम पूरा करें और जनता को आश्वासन दिया कि विधायक की इस कमी को वे मंडी की जनता को महसूस नहीं होने देंगे।

विपक्षी दलों पर हमलावर दिखे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्षी दलों के नेताओं पर टिपण्णी करते हुए कहा कि जो लोग प्रदेश भर में पंचायत का एक वार्ड तक नहीं बना सके वे आज नए जिले बनाने का शगूफा फेंक रहे हैं जो बड़ा ही हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि विपक्षी आज नगर निगम को लेकर भ्रम फैला रहे हैं जिसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम में आए क्षेत्रों में अगले पांच वर्षों तक कोई भी, किसी भी प्रकार का टैक्स नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नगर निगम में रहने का निर्णय ग्रामीण क्षेत्र की जनता ही तय करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मनरेगा की तर्ज पर शहरी क्षेत्र में मुख्यमंत्री आजीविका योजना चलाने वाला हिमाचल देश भर में पहला राज्य बना है।

परिवारवाद के चुंगुल में फंसी छोटी काशी मंडी को शिखर पर पहुंचाएं लोग

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल नगर निगम का चुनाव नहीं है अपितु मंडी के मान और सम्मान का चुनाव है। पूरे हिमाचल में भारतीय जनता पार्टी ने पिछले सवा तीन वर्षों में सभी चुनाव जीते हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अब बारी मंडी की है और कोई कमी यहां नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने पूरे विश्वास के साथ कहा की मंडी की प्रबुद्ध जनता का आशीर्वाद उन्हें और भारतीय जनता पार्टी के सभी प्रत्याशियों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस मंडी के सम्मान की लड़ाई को भाजपा एक तरफा जीतेगी और परिवारवाद के चंगुल में फंसी छोटी काशी मंडी को विकास के शिखर पर पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।