जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में मनाया राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। ऊना
जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय, ऊना के सभागार में आज पांचवें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस व धनवंतरी जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का मुख्य विषय कोविड-19 में आयुर्वेद की भूमिका रहा। डॉक्टर अरविंद शर्मा, एमडी व डॉक्टर अमन सोंखला एमडी ने कोविड-19 परीक्षण व जटिलताएं तथा आयुष मंत्रालय द्वारा दी गए उपचार के दिशा निर्देशों का व्याख्यान प्रस्तुत किया।

उन्होंने प्रतिभागियों को कोविड-19 के लक्षणों बारे विस्तृत जानकारी देते हुए आयुर्वेद के माध्यम से कोविड-19 की रोकथाम व उपचार की विधियों बारे जागरूक किया। कार्यक्रम में सेवानिवृत वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक डॉक्टर वेद प्रकाश, डॉक्टर बीडी पराशर, डॉक्टर रुद्रमणि शर्मा, डॉक्टर सुदेश कुमार, डॉक्टर दिलबाग राय तथा डॉक्टर जतिंदर परमार ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉक्टर राजेश शर्मा व उपमंडलीय आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ किरन शर्मा ने विशेष अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। डॉक्टर नरेश शर्मा व डॉक्टर पूनम जांबला ने इस अवसर पर धनवंतरी दिवस के विषय में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर जिला ऊना आयुर्वेदिक अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर देहल, आयुर्वेदिक अस्पताल ईसपुर के प्रभारी डॉक्टर विजय ठाकुर, डॉक्टर निशा वर्मा व जिला ऊना में कार्यरत समस्त आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।