सत्ता में आते ही भाजपा 10 सालों में बनी दुनिया की सबसे अमीर पार्टी : प्रियंका

मोदी हिमाचल में पर्यटक बनकर खींचबाते हैं फोटो

उज्ज्वल हिमाचल। चंबा

हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव व विधानसभा उपचुनाव के लिए राजनीति दलों के प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी चंबा में जनसभा को संबोधित कर रही हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को 8500 रुपए हर महीने देंगे, महिलाओं को सरकारी नाैकरियों में 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। किसानों की कर्ज माफी के लिए स्थायी आयोग बनेगा। श्रमिकों के लिए 400 रुपए न्यूनतम दिहाड़ी का कानून लाएंगे। मनरेगा को मजबूत किया जाएगा। शहरों में भी इसे लागू किया जाएगा। 25 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त किया जाएगा।

नाैजवानों के लिए पांच हजार करोड़ कास्टार्टअप फंड बनाएंगे। अग्निवीर योजना को रद्द किया जाएगा। प्रियंका ने कहा कि मोदी देश में घूम-घूम कर कह रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी आपकी भैंस चुरा लेगी और मंगलसूत्र चुरा लेगी, ये कैसी बातें हैं। कांग्रेस 55 सालों तक सत्ता में रही लेकिन अमीर पार्टी नहीं बन पाई लेकिन भाजपा 10 सालों में दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गई और भ्रष्ट कांग्रेस को कहा जाता है। प्रियंका ने कहा कि हिमाचल के सेब किसानों का हाल देखिए। तमाम कोल्ड स्टोर बड़े खरबपतियों को दिए गए हैं। दाम ये यही उद्योगपति तय कर रहे हैं। इसके चलते किसानों को फसल का उचित दाम नहीं मिलता। जनता महंगाई से जूझ रही है।

देश में 70 करोड़ युवा आज हैं बेरोजगार 

देश में बेरोजगारी बढ़ गई है। 70 करोड़ युवा आज बेरोजगार हैं, 30 लाख सरकारी पद खाली है। प्रियंका ने कहा कि मोदी हिमाचल में आकर पर्यटक बनकर फोटो खींच रहे हैं। आपदा से हिमाचल की अर्थव्यवस्था पर बहुत बोझ बढ़ा है। भाजपा की नीयत साफ नहीं है। प्रियंका गांधी ने अपना संबोधन मां दुर्गा, लक्ष्मीनारायण भगवान व भोलेनाथ के जयकारे के साथ शुरू किया। प्रियंका कहा कि मेरा दिल हमेशा हिमाचल में रहता है। जब भी हिमाचल आती हूं तो मुझे बहुत खुशी होती है। कहा कि आपका प्रदेश बहुत सुंदर है। पूरा देश हिमाचल की ओर देखता है। यहां की सादगी, ईमानदारी पूरे देश में सबसे अधिक है। इससे पूरे देश को सीखना चाहिए। हिमाचल देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है।

मोदी ने धनबल की ताकत से हिमाचल की सरकार को गिराने का किया प्रयास 

हिमाचल के सैकड़ों जवानों ने देश की रक्षा, अखंडता के लिए अपनी जान गंवाई। प्रियंका ने कहा कि प्रदेश की जनता ने बदलाव के लिए सरकार चुनी। लेकिन मोदी ने धनबल की ताकत से हिमाचल की सरकार को गिराने का प्रयास किया। मोदी जी ने पैसे देकर, भ्रष्टाचार कर प्रदेश की सरकार को गिराने की कोशिश की। क्या यह ईमानदारी की बात है, क्या इसे सच्ची राजनीति कहते थे।  भाजपा का एक ही मकसद है कि सत्ता को अपने हाथ में रखना है। चाहे सरकारों को गिराना पड़े, चाहे भ्रष्टाचार करना पड़े, विधायकों को घूस खिलानी पड़े या धनबल का इस्तेमाल करना पड़े।

संवाददाताः शैलेश शर्मा

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें

Please share your thoughts...