हिमाचल के लिए नई खेल नीति बनकर तैयार : राकेश पठानिया

केंद्रीय खेल मंत्री से बातचीत के बाद ही की जाएगी लागू

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। शिमला

खेल मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए नई खेल नीति बनकर तैयार हो गई है। कोरोना के चलते अभी इसको लांच नहीं किया है। नई खेल नीति में खेल और खिलाड़ियों दोनों के हिंतो का ध्यान रखा गया है। पैरा ओलंपिक को भी खेल नीति में शामिल किया है। बर्फ़ वाली खेलों को भी इसमें बढ़ावा देंगे। विंटर ओलंपिक को भी खेल नीति में बढ़ावा दिया जाएगा। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ बैठक कर जल्द ही नई खेल नीति को प्रदेश में लागू किया जाएगा।

खेल मंत्री राकेश पठानिया ने बताया कि नई खेल नीति में कुश्ती, बॉलीबाल, तीरअंदाज़ी, शूटिंग और एथेलेटिक्स में ज़ोर दिया गया है। अब स्कूलों से ही बच्चों को कोचिंग दी जाएगी। प्रतिभावान बच्चों को अकादमी में तराशा जाएगा। उन्होंने कहा कि पैरा ओलंपिक में पहली बार जीतने वाले खिलाड़ियों को एक करोड़ रुपए दिए गए।

उन्होंने बताया कि खेलों के लिए शिमला, धर्मशाला और मनाली में 3 स्टेडियम बनाए जा रहे हैं, जिस पर 22 करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं। इन जगहों को हवाई सेवाओं से जोड़ा जाएगा। वन को लेकर FRA का ऑफिस शिमला में शुरू हो गया है। अब FRA की अनुमति के लिए चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।