आखिर यूथ कांग्रेस को मिला नया अध्यक्ष, निगम भंडारी को सौंपी कमान

लंबी जद्दोजहद के बाद फैसला, यदुपति ठाकुर होंगे कार्यवाहक अध्यक्ष

उज्जवल हिमाचल। शिमला

लंबी जद्दोजहद के बाद हिमाचल यूथ कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल गया है। किन्नौर जिला से संबंध रखने वाले निगम भंडारी युकां की कमान सौंपी गई है। वहीं यदुपति ठाकुर को कार्यवाहक अध्यक्ष की कमान सौंपी गई हैं। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने दिल्ली में दोनों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। पिछले लंबे समय से अध्यक्ष पद को लेकर उठापटक का दौर चल रहा था,इसी के चलते हाईकमान इस पद पर किसी के नाम की घोषणा नहीं कर पा रहा था।

लेकिन पार्टी ने बढते दबाव के चलते बीच का रास्ता निकालते हुए अध्यक्ष के साथ-साथ कार्यवाहक अध्यक्ष की भी तैनाती कर दी है। यानी हिमाचल प्रदेश में युवा कांग्रेस को अब अध्यक्ष के साथ-साथ कार्यवाहक अध्यक्ष भी मिल गया है। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ल ने ट्वीट कर निगम भंडारी व यदुपति ठाकुर को बधाई दी है। निगम भंडारी हाल ही में हुए युकां के चुनावों में 40,010 मत हासिल करने में सफल रहे थे। जबकि यदुपति ठाकुर को 37,732 मत और अमित पठानिया को 5,998 मत मिले थे।