बीडीसी का चुनाव लड़ रही महिला चिकित्सक का मतदाता सूची में नाम ही नहीं, नामांकन रद्द  

एसके शर्मा। हमीरपुर
पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रही महिला चिकित्सक का मतदाता सूची में नाम न होने के कारण नामांकन रद्द हो गया। महिला डॉक्टर समाजसेवा के लिए पंचायत चुनावों में मैदान में उतरी थीं। नामांकन की छंटनी के दौरान उनका नामांकन रद्द हो गया। इस कारण उन्हें ठेस पहुंची है। महिला ने बीते विस चुनावों में मतदान किया था। उसके पास मतदाता पहचान पत्र भी है लेकिन पंचायत चुनावों की सूची से नाम गायब है।

महिला ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर रोष जताते हुए कहा कि यदि वह एक मतदान में वोट कर रही हैं तो दूसरी सूची में उनका नाम क्यों नहीं है। चौकी गांव की 47 वर्षीय डॉ. नीलम शर्मा पंचायत समिति वार्ड 13 अणु कलां से चुनावी मैदान में थी। नामांकन भरने के बाद उन्होंने प्रचार अभियान भी तेज कर दिया था। सोमवार को उन्हें पता चला कि मतदाता सूची में नाम न होने के कारण उनका नामांकन रद्द हो गया। इसके चलते उन्होंने प्रशासन और सरकार के प्रति रोष जताया है। वार्ड से तीन प्रत्याशी मैदान में थे। अब नीलम का नामांकन रद्द होने के बाद दो ही प्रत्याशी ही मैदान में हैं। डॉ. नीलम ने सरकार से मांग की कि एक ही मतदाता सूची विस और पंचायत चुनावों के लिए जारी होनी चाहिए। कई लोग जानकारी के अभाव में भी मतदान के अधिकार से वंचित रह रहे हैं।