अब मोबाइल एप से घर बैठे दर्ज कराएं मतदाता सूची में अपना नाम

जतिन लटावा। जोगिन्द्रनगर

जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए 9 दिसम्बर, 2021 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान एक जनवरी, 2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में दर्ज नामों की अशुद्ध प्रविष्टि को शुद्ध करवाने या फिर अपात्र मृतक तथा स्थान छोड़ चुके व्यक्तियों के नामों को भी फोटोयुक्त मतदाता सूची से हटाने के लिए निर्धारित फॉर्म भरकर दावे या आक्षेप संबंधित बूथ लेवल अधिकारी के पास प्रस्तुत कर सकते हैं।

इस बारे जानकारी देते हुए कानूनगो निर्वाचन तेज सिंह ठाकुर ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने वोटर हेल्पलाइन एप्प जारी की है। इस एप्प के माध्यम से न केवल पात्र मतदाता अपना नाम घर बैठे मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं बल्कि मतदाता सूची में दर्ज अपने नाम की जानकारी भी हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में दर्ज नाम को शुद्ध करना या फिर हटाने की प्रक्रिया को भी पूरा किया जा सकता है।

उन्होने बताया कि इस एप्प के माध्यम से पंजीकृत मतदाता अपनी पूरी जानकारी को घर बैठे अपने स्मार्ट फोन के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की पुष्टि भी कर सकते हैं। इस वोटर हेल्पलाइन एप्प को गुगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।

तेज सिंह ठाकुर जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र से सभी लोगों से भारत निर्वाचन आयोग के इस विशेष पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से पूरी सक्रियता के साथ सहयोग करने की अपील की है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे। साथ ही मतदाता सूची से अपात्र लोगों के नामों को भी हटाकर सूची को दुरुस्त किया जा सके।