प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, ऑरेंज अलर्ट जारी

उज्जवल हिमाचल। शिमला

मार्च महीने की शुरुआत में हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। वहीं मैदानी इलाकों में वर्षा के कारण समूचा प्रदेश शीत लहर की चपेट में आ गया है। राजधानी शिमला में भी आज सुबह से ही बारिश हो रही है।प्रदेश में पश्चमी विक्षोभ के कारण लाहौल स्पीति व चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी आरम्भ हो गयी है। जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर 3 मार्च तक देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने आज व कल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश व पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के विज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि प्रदेश में गत रात्रि से पश्चिमी विक्षोभ के चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी व मैदानी क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। सुबह लाहौल स्पीति के हंसा में 5 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। वन्ही कांगड़ा, हमीरपुर बिलासपुर सहित मैदानी क्षेत्रों में वर्षा शुरू हो चुकी है। पश्चिमी विक्षोभ का असर 1 व 2 मार्च तक रहेगा।

जिसके चलते जिला चंबा, लहौल स्पीति, कांगड़ा, ऊना, शिमला, हमीरपुर के एक दो स्थानों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं लहौल स्पीति किनोर, चंबा के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है। इसका असर 3 मार्च तक देखने को मिलेगा। 4मार्च से ऊंचाई वाले कुछ एक क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

ब्यूरो रिपोर्ट शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें