‘MLA द्वारा विपक्ष का विधायक होने का रोना रोकर जनता को किया गया गुमराह’

उमेश भारद्वाज। मंडी
मंडी जिले के नाचन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक विनोद कुमार विकास करवाने में फिसड्डी साबित हुए हैं। विधायक ने अपनी ऐच्छिक निधि को अपने चेहतों में बांटकर नाचन के लोगों के साथ धोखा किया है। यह बात रविवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नाचन के धनोटू कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के उपाध्यक्ष एवं जिला मंडी कांग्रेस प्रवक्ता ब्रह्मदास चौहान ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कही।
ब्रह्मदत्त चौहान ने कहा कि नाचन विधायक विनोद कुमार को क्षेत्र का विधायक बने हुए 9 साल 6 माह का समय बीत चुका है। वर्ष 2012 से 2017 तक विधायक द्वारा विपक्ष का विधायक होने का रोना रोकर जनता को गुमराह किया गया। लेकिन वर्ष 2017 से 2022 तक प्रदेश में भाजपा सरकार में विधायक होने के बावजूद भी क्षेत्र में विकास पर ग्रहण लग गया है।
विधायक विनोद कुमार द्वारा अपनी ऐच्छिक निधि का दुरुपयोग कर अपने चेहतों में बांट कर नाचन की जनता के साथ धोखा किया है। विनोद कुमार द्वारा खुले मंच से प्रदेश में भाजपा सरकार आने पर ग्राम पंचायत सलवाहण के हटगढ़ में डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की गई थी।
लेकिन विधायक प्रदेश में भाजपा सरकार के साढ़े चार साल का कार्यकाल पूरा होने के बावजूद आज दिन तक कॉलेज खोलने की घोषणा तक नहीं करवा पाए हैं। ब्रह्मदास चौहान ने कहा कि नाचन विधानसभा क्षेत्र के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़कों का निर्माण पूर्व की कांग्रेस सरकार के समय हुआ था। वर्तमान सरकार और विधायक क्षेत्र में विकास करवाने के लिए नाकाम साबित हुए हैं।